दबिश: गांजा तस्करी में फरार हुए दो अंतरराज्यीय आरोपियों को पुलिस ने वाराणसी से पकड़ा

गांजा तस्करी में फरार हुए दो अंतरराज्यीय आरोपियों को पुलिस ने वाराणसी से पकड़ा
  • ग्रामीण अपराध शाखा पुलिस ने की कार्रवाई
  • टीम ने आरोपी को वाराणसी से पकड़ा
  • गुप्त जानकारी पर पहुंची पुलिस

डिजिटल डेस्क,नागपुर। दो फरार अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के नाम आलाेक रामविलास सिंह (35) बजरंग विहार कॉलोनी, वाराणसी और भीमसेन उर्फ रूपा नंदा पांगी (32) कुसुमा, जी. कोरापुट, ओडिशा निवासी है। दोनों को उनके क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी 495 किलो गांजा तस्करी प्रकरण में फरार थे। ग्रामीण अपराध शाखा पुलिस के दस्ते ने करीब 7 दिनों तक वाराणसी में डेरा डालकर आरोपी आलोक सिंह को दबोचा और दो दिनों तक ओडिशा के नक्सलग्रस्त क्षेत्र सेमिलिगुडा थाना इलाके से धर-दबोचा।

गांजे की खेप ले जाते समय कंटेनर पकड़ाया था : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार के मार्गदर्शन में गत 11 जनवरी 2024 को बूटीबोरी क्षेत्र में कंटेनर क्रमांक एच आर 55 एस- 2346 के अंदर गांजा की खेप लेकर जाते हुए कार्रवाई की गई। कंटेनर से करीब 495 किलो गांजा जब्त किया गया था। कंटेनर चालक व क्लीनर के खिलाफ बुटीबोरी थाने में मामला दर्ज किया गया। इस मामले में मुख्य आराेपी आलोक सिंह फरार था।

मामले की जांच ग्रामीण अपराध शाखा पुलिस विभाग के निरीक्षक ओमप्रकाश कोकाटे के नेतृत्व में 13 जनवरी 2024 से शुरू की गई। मुख्य आरोपी के बारे में पुलिस के पास कोई जानकारी नहीं थी, उसकी तलाश राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा राज्य में ग्रामीण अपराध शाखा पुलिस विभाग के दस्ते ने की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। तब पुलिस को गुप्त जानकारी मिली कि आरोपी उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला है। ग्रामीण अपराध शाखा पुलिस विभाग का एक दस्ता वाराणसी उत्तर प्रदेश रवाना किया गया। दस्ते ने मुख्य आरोपी आलाेक रामविलास सिंह को धर दबोचा।

सेंट्रल जेल में रवानगी : पुलिस के दस्ते ने आरोपी आलोक सिंह को गांजा बेचनेवाले आरोपी भीमसेन उर्फ रूपा नंदा पांगी (32) कुसुमा, जी. कोरापुट, ओडिशा निवासी को ओडिशा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी आलोक सिंह और भीमसेन का पीसीआर समाप्त होने पर सेंट्रल जेल में रवानगी हो गई। ग्रामीण अपराध शाखा पुलिस विभाग के निरीक्षक ओमप्रकाश कोकाटे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आशीष माेरखेडे, हवलदार मिलिंद नांदुरकर, पुलिस नायब अमृत किनगे, रोहन डाखोरे ने कार्रवाई की।

Created On :   9 Feb 2024 7:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story