- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बनौली...
Panna News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बनौली के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में की वर्चुअल सहभागिता

- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बनौली के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में की वर्चुअल सहभागिता
- नव दंपत्तियों को दिया आशीर्वाद, 915 जोडे परिणय सूत्र में बंधे, 13 निकाह भी हुए
Panna News: अक्षय तृतीया पर्व पर बुधवार को पवई विकासखंड की ग्राम पंचायत बनौली स्थित मां कंकाली माता मंदिर परिसर में वृहद स्तर पर गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह सम्पन्न कराए गए। सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत संपन्न हुए इस सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान 915 जोडे परिणय सूत्र में बंधे। इसमें 13 निकाह भी शामिल हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में वर्चुअल शामिल होकर वर-वधुओं को शुभकामनाएं देते हुए सुखमय गृहस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर बेटियों के वैवाहिक जीवन में प्रवेश को शुभ अवसर बताया। साथ ही विवाह प्रसंग की इस बेला को चिरस्थायी बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम से अनावश्यक खर्च से मुक्ति मिलने के साथ ही त्यौहार जैसे उल्लासमय वातावरण में विवाह सम्पन्न होना सौभाग्य की बात है। सनातन संस्कृति में विवाह संस्कार सबसे बडा आनंददायी अवसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार द्वारा बेटियों एवं महिलाओं के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। महिला सशक्तिकरण का मध्यप्रदेश मॉडल देश में सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग धंधों के माध्यम से रोजगार के अवसरों में बढोत्तरी सहित स्वसहायता समूह के जरिए महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं किसानों के कल्याण के लिए भी कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संसद एवं विधानसभाओं में एक तिहाई महिला आरक्षण के लिए सरकार प्रयासरत है। इससे निश्चित ही लोकतंत्र की गरिमा भी बढेगी। मुख्यमंत्री ने बेटियों से नए परिवार में प्रवेश पर माता-पिता के सम्मान तथा वर्तमान डिजिटल परिवेश की उपयुक्त सामग्री को ही ग्रहण करने की सलाह भी दी।
क्षेत्र में मिल रही पर्याप्त सिंचाई सुविधायें, किसान ले रहे तीन फसलें: सांसद विष्णुदत्त शर्मा
सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मां कंकाली के आशीर्वाद से यहां निरंतर वृहद स्तर पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। उन्होंने भगवान परशुराम की जयंती पर परिणय सूत्र में बंधने वाले नव दंपत्तियों को सुखी, संपन्न और वैभवशाली जीवन की शुभकामनाएं दीं। सांसद श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में देश व प्रदेश तरक्की की और अग्रसर है। सांसद ने कहा कि इस क्षेत्र में अब सिंचाई की पर्याप्त सुविधाएं मिलने से किसान तीन फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। क्षेत्र के किसान सम्पन्न हुए हैं। जल जीवन मिशन परियोजना के क्रियान्वयन से शत प्रतिशत ग्रामीण परिवारों को नल के माध्यम से शुद्ध जल मिलेगा। देश की पहली केन-बेतवा नदीं जोडों परियोजना से पवई क्षेत्र को भी पानी की पर्याप्त सुविधा मिल सकेगी। इससे क्षेत्र की जनता भविष्य में संपन्नता की साक्षी बनेगी। सांसद ने कहा कि वर्तमान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सामाजिक समरसता के भाव से सभी वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा नव दंपतियों को प्रतीकात्मक रूप से 49 हजार रुपए राशि के चेक का वितरण किया गया। वन विभाग के सहयोग से नवयुगलों को पौधे भी वितरित किए गए।
सामूहिक रूप से गरीब परिवार की बेटियों का विवाह सराहनीय कार्य है: बृजेन्द्र प्रताप सिंह
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक पन्ना बृजेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थितजनों को भगवान श्री परशुराम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि एक स्थान पर सामूहिक रूप से गरीब परिवार की बेटियों का विवाह सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम में हर वर्ग के परिवारों की बेटियों के विवाह उल्लासमय एवं गरिमामय माहौल में सम्पन्न कराए जा रहे हैं। इसके अलावा निरंतर विकास कार्यों की बदौलत लोगों को विभिन्न विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं का लाभ भी मिल रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे ने कहा कि पवित्र स्थल मां कंकाली माता परिसर में पवित्र वैवाहिक बंधन में बंधने वाले नवयुगल सौभाग्यशाली हैं। स्थानीय विधायक के सार्थक प्रयासों से गरीब बेटियों का विवाह का निरंतर रूप से सफल आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सामूहिक विवाह सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों को बढावा दिया है। अब बेटी के जन्म पर उत्सव का आयोजन होता है। बेटियों के लिए संचालित लाभकारी योजनाओं से सामाजिक बदलाव भी आया है और बेटियों के जीवन स्तर में भी सुधार परिलक्षित हुआ है। बेटियों एवं महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में कई सार्थक प्रयास किया जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां सर्वाधिक जोडों के वैवाहिक बंधन में बंधने से इस बार नया इतिहास भी बना है। कार्यक्रम में पवई विधायक प्रहलाद लोधी, जनपद पंचायत अध्यक्ष मोहिनी मिश्रा, बृजेंद्र मिश्रा, सतानंद गौतम, रविराज यादव, अरुण चौरसिया, निधि पटैरिया, लोकेंद्र प्रताप सिंह, गौरव पटेल सहित कलेक्टर सुरेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान, एसडीएम समीक्षा जैन, तहसीलदार प्रीति पंथी, जनपद पंचायत सीईओ अखिलेश उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
Created On :   1 May 2025 2:46 PM IST