Panna News: भाजपा ने पन्ना में निकाली विशाल तिरंगा यात्रा, राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करने का दिया संदेश

भाजपा ने पन्ना में निकाली विशाल तिरंगा यात्रा, राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करने का दिया संदेश
  • भाजपा ने पन्ना में निकाली विशाल तिरंगा यात्रा
  • राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करने का दिया संदेश

Panna News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर चलाए जा रहे श्हर घर तिरंगा अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी ने पन्ना में एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। खजुराहो के सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों के मन में राष्ट्र प्रेम की भावना को जागृत करना था। श्री जुगल किशोर मंदिर से गांधी चौक तक निकाली गई। इस यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राएं, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। बैंड-बाजों की देशभक्ति धुनों और भारत माता की जय के नारों के साथ सभी के हाथों में तिरंगा झंडा था। यात्रा का जगह-जगह जोरदार स्वागत हुआ और लोगों ने फूलों की वर्षा कर अपना समर्थन जताया। समापन अवसर पर अपने संबोधन में सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का लक्ष्य हर नागरिक को देश की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे से जोडऩा है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान हमें उन सैनिकों के बलिदान की याद दिलाता है जिन्होंने देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। श्री शर्मा ने सभी से 15 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा लगाने और उसकी सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की ताकि हर गांव और हर व्यक्ति में राष्ट्रवाद की भावना का संचार हो सके। पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने तिरंगे को भारत की आन, बान और शान बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस कार्यक्रम में पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ, सिवनी के पूर्व विधायक कैलाश दिनकर, भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा, पवई विधायक प्रहलाद लोधी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। जिला मीडिया प्रभारी दुर्गेश शिवहरे ने कार्यक्रम में शामिल सभी कार्यकर्ताओं, स्कूली छात्रों और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

Created On :   14 Aug 2025 1:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story