Panna News: बारिश के सीजन में शहर में निरपत सागर से सप्लाई किये जाने की मांग, ओवर फ्लो होने के कारण व्यर्थ जा रहा पानी

बारिश के सीजन में शहर में निरपत सागर से सप्लाई किये जाने की मांग, ओवर फ्लो होने के कारण व्यर्थ जा रहा पानी
  • बारिश के सीजन में शहर में निरपत सागर से सप्लाई किये जाने की मांग
  • ओवर फ्लो होने के कारण व्यर्थ जा रहा पानी

Panna News: शहर के लिए जीवन रेखा माने जाने वाले तीन प्रमुख तालाबों, निरपत सागर, धरमसागर और लोकपाल सागर में से एक निरपत सागर तालाब में इस बार मानसून की अच्छी बारिश के कारण जलस्तर काफी बढ़ गया है। यह तालाब पूरी तरह से भर चुका है और इसका पानी ओवरफ्लो होकर व्यर्थ बह रहा है। शहरवासियों का कहना है कि यह पानी भविष्य के लिए सहेजने के बजाय बर्बाद हो रहा है जिससे गर्मी के मौसम में पानी का संकट पैदा हो सकता है। शहर के लोग मांग कर रहे हैं कि नगरपालिका प्रशासन को तत्काल इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए। उनका सुझाव है कि जब तक बारिश का मौसम चल रहा है तब तक लोकपाल सागर से होने वाली पानी की आपूर्ति को बंद कर दिया जाए और उसकी जगह निरपत सागर से पेयजल सप्लाई शुरू की जाए।

इससे लोकपाल सागर का पानी संरक्षित रहेगा और गर्मियों में पानी की कमी नहीं होगी। शहरवासियों का यह भी कहना है कि यदि अभी से इस पर ध्यान दिया जाए तो भविष्य में शहर में पेयजल संकट उत्पन्न नहीं होगा। साथ ही निरपत सागर का अतिरिक्त पानी किसानों को उनके खेतों की सिंचाई के लिए भी उपलब्ध हो सकेगा जिससे उन्हें भी फायदा होगा। नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय के पिछले तीन साल के कार्यकाल में शहर में पानी का कोई बड़ा संकट नहीं आया है। उम्मीद है कि इस बार भी प्रशासन इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगा और व्यर्थ बहते पानी को रोककर उसे भविष्य के लिए सुरक्षित रखेगा। शहर की जनता की मांग है कि प्रशासन जल संरक्षण की दिशा में तुरंत प्रभावी कदम उठाए ताकि आने वाले समय में पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।

इनका कहना है

अभी लोकपाल सागर में आधे से थोड़ा कम पानी आया है यदि इससे सप्लाई न की जाए तो आगे होने वाली बारिश में इसमें ज्यादा पानी एकत्रित हो जाएगा जिससे गर्मियों के समय में जहां पीने के लिए पानी आसानी से उपलब्ध हो जाएगा वहीं किसानों के खेतों की सिंचाई के लिए पानी भी मिल जाएगा। मैने इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी से भी बात की है

सतीश शर्मा, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन संभाग पन्ना

निरपत सागर तालाब का पानी ओवरफ्लो से बहना बंद हो गया है इस कारण से निरपत सागर तालाब से सप्लाई की जा रही है तीन-तीन फीट में पटिया लगाकर पानी को रोका जा रहा है जिससे वह बह न सके।

अभिषेक राजपूत

उपयंत्री नगर पालिका परिषद पन्ना

Created On :   1 Sept 2025 1:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story