- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- वर्षों से बिजली अव्यवस्था का दंश...
Panna News: वर्षों से बिजली अव्यवस्था का दंश झेल रहा कूड़ा गांव, सोमवार को करेंट लगने से हुई है महिला की मौत

Panna News: रैपुरा तहसील के ग्राम पंचायत मूलपारा के ग्राम कूड़ा में सोमवार सुबह हुए हादसे में हुई महिला की मौत कूड़ा गांव के लिए नई घटना नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि इस गांव में करंट से मौत का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कुछ वर्ष पूर्व कैलाश लोधी की करंट लगने से मौत हो चुकी है वहीं दर्जनों मवेशी भी करंट की चपेट में आकर मर चुके हैं। गांव में विद्युत व्यवस्था अत्यंत खराब है। गांव के बाहर रखे ट्रांसफारमर से ग्रामीण स्वयं तार खींचकर बिजली ले जाते हैं क्योंकि पूरे गांव में व्यवस्थित ट्रांसमिशन लाइन नहीं है। कुछ महीने पहले विभाग द्वारा थोड़ी दूरी तक ही लाइन डाली गई थी। बिल जमा न होने के कारण विद्युत विभाग उस लाइन से कनेक्शन भी नहीं देता। गांव के आसपास खेती में बिजली ले जाने की कोई व्यवस्था न होने की वजह से ग्रामीणों को खुद के तारों से खेती तक बिजली ले जानी पड़ती है
जमीन से मात्र छह फिट ऊपर झूल रहे 11 केवी के तार
ग्रामीणों ने बताया कि जिस 11 केवी लाइन का तार टूटने से महिला की मौत हुई उस लाइन के कई तार जमीन से मात्र छह फिट ऊपर झूल रहे हैं और कई खंभे झुके हुए हैं। लोगों ने बताया कि गांव में लगे बिजली के खंभे 50 से 60 वर्ष से अधिक पुराने हैं जिनके कारण तार नीचे झूलने लगे हैं और यही हादसे का मुख्य कारण बना। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कई जगहों पर खेती का काम करने के लिए बिजली लाइन बंद करानी पड़ती है। कई बार ट्रैक्टर से फसल ले जाते समय तारों से टकराकर आग लगने की घटनाएं भी हो चुकी हैं लेकिन इसके बावजूद विद्युत विभाग द्वारा कोई ठोस सुधार कार्य नहीं किया गया। ग्रामीणों ने इस घटना के बाद विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गांव की विद्युत व्यवस्था सुधारने, जर्जर खंभे बदलने और नई ट्रांसमिशन लाइन लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों।
यह भी पढ़े -आस्था के केंद्र श्री जुगल किशोर जी मंदिर में अव्यवस्था, परिक्रमा पथ पर गंदगी और मलबे से श्रद्धालु परेशान
इनका कहना है
मैंने रिपोर्ट मंगवाई है 11 केवीए के मेंटेनेंस और एलटी लाइन का सुधार कार्य जल्द करवाया जाएगा।
अशोक निकोसे, अधीक्षण अभियंता पन्ना
Created On :   25 March 2026 4:23 PM IST













