Panna News: विकास की आड़ में खनिज संपदा की लूट, पहाड़ीखेरा-मझगवां मार्ग निर्माण में बड़ा खुलासा

विकास की आड़ में खनिज संपदा की लूट, पहाड़ीखेरा-मझगवां मार्ग निर्माण में बड़ा खुलासा
जिले में सडक़ निर्माण के नाम पर अवैध उत्खनन का एक ऐसा खेल चल रहा है जिसने प्रशासन और खनिज विभाग की कार्यप्रणाली को कटघरे में खडा कर दिया है। पहाडीखेरा से मझगवां तक बन रही 32 किलोमीटर लंबी सडक़ की आधारशिला अब विवादों के घेरे में है।

Panna News: जिले में सडक़ निर्माण के नाम पर अवैध उत्खनन का एक ऐसा खेल चल रहा है जिसने प्रशासन और खनिज विभाग की कार्यप्रणाली को कटघरे में खडा कर दिया है। पहाडीखेरा से मझगवां तक बन रही 32 किलोमीटर लंबी सडक़ की आधारशिला अब विवादों के घेरे में है।

बिना लीज सैकडों डंपर मिट्टी का अवैध खेल

सडक़ निर्माण का जिम्मा संभाल रही कृष्णा कंस्ट्रक्शन पर आरोप है कि वह ग्राम दिया के आसपास नियमों को ताक पर रखकर बडे पैमाने पर खुदाई कर रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि खनिज विभाग के पास इस उत्खनन की कोई आधिकारिक जानकारी या अनुमति अस्थाई लीज दर्ज नहीं है। बिना किसी वैधानिक स्वीकृति के सैकडों डंपर मिट्टी निकाली जा चुकी है जिससे सरकार को राजस्व की बडी चपत लग रही है।

खतरे में जिंदगियां, सुरक्षा मानकों की अनदेखी

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार ठेकेदार द्वारा सडक़ के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में बिना योजना के गहरे गढ्ढे खोदे जा रहे हैं। इन गढ्ढों के आसपास न तो कोई सुरक्षा घेरा बनाया गया है और न ही इन्हें भरने की कोई व्यवस्था है। पन्ना जिले में पहले भी अवैध खनन से बने गढ्ढों में जलभराव के कारण कई मासूम बच्चों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन की यह चुप्पी किसी बडे हादसे को निमंत्रण दे रही है।

प्रशासनिक मिलीभगत की आशंका

खुलेआम हो रहे इस अवैध कार्य ने कई गंभीर सवाल खडे कर दिए हैं। क्या विभाग की मूक सहमति से यह अवैध लाभ कमाया जा रहा है। निर्माण स्थल के पास हो रहे इतने बडे उत्खनन पर अधिकारियों की नजर क्यों नहीं पडी। नियमों का उल्लंघन करने वाली फर्म पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

इनका कहना है

ठेकेदार द्वारा उत्खनन के लिए कोई भी अनुमति नहीं ली गई है। यदि बिना अनुमति के कार्य जारी है तो टीम भेजकर जांच कराई जाएगी और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रवि पटेल, उप संचालक खनिज विभाग पन्ना

Created On :   27 March 2026 1:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story