- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- दुकान में घुसकर तीन युवकों ने...
शराब पीने से रोकना दुकानदार को पड़ा भारी: दुकान में घुसकर तीन युवकों ने बेरहमी से पीटा, चंदौरा चौकी क्षेत्र के ग्राम रामनई की घटनाए

Panna News: जिले के अजयगढ़ विकासखंड की चंदौरा चौकी क्षेत्र के ग्राम रामनई में शराब पीने से रोकना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। तीन युवकों ने पहले दुकानदार से गाली-गलौज की और बाद में कथित रूप से नशे की हालत में लौटकर दुकान के अंदर घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना 30 जून की बताई जा रही है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धार्मिक स्थल के पास शराब पीने से किया था मना
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार ग्राम रामनई निवासी 30 वर्षीय दुकानदार रमाशंकर लोधी 30 जून को अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के ग्राम अखिलवां निवासी अभिनय तिवारी अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। तीनों सिद्धनाथ स्थान की ओर जा रहे थे और उनके हाथ में शराब थी। दुकानदार ने उन्हें समझाइश देते हुए कहा कि धार्मिक स्थल के पास शराब का सेवन न करें। इसी बात से नाराज होकर तीनों युवकों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
कुछ देर बाद लौटे, दुकान में घुसकर की मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर बाद तीनों युवक कथित रूप से नशे की हालत में दोबारा दुकान पर पहुंचे और फिर से गाली-गलौज शुरू कर दी। जब रमाशंकर ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो अभिनय तिवारी अपने दो साथियों के साथ जबरन दुकान के अंदर घुस गया और दुकानदार पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट करते हुए उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे परिजन और ग्रामीण
पीडि़त के शोर मचाने पर उसकी पत्नी सुशीला लोधी और स्थानीय निवासी देवीलखन लोधी मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर किसी तरह मारपीट रुकवाई। इस हमले में रमाशंकर लोधी के कमर के दाईं ओर कनपटी और माथे पर गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि जाते-जाते तीनों युवकों ने दोबारा सामने मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Created On :   2 July 2026 2:55 PM IST














