- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- धुआसेहा में बाघिन पी-652 ने दो...
Panna News: धुआसेहा में बाघिन पी-652 ने दो शावकों को दिया जन्म, पर्यटकों की आवाजाही पर लगी रोक

Panna News: पन्ना टाइगर रिजर्व के धूंधुआ सेहा क्षेत्र से वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबरी सामने आई है। यहां बाघिन पी-652 ने दो शावकों को जन्म दिया है। पन्ना टाइगर रिजर्व के उप संचालक वीरेंद्र पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि नवजात शावकों की उम्र लगभग 10 दिन है और मां बाघिन सहित दोनों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। वन विभाग ने बाघिन और उसके शावकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित पर्यटन क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही वन विभाग की विशेष टीम हाथियों की मदद से 24 घंटे क्षेत्र की निगरानी कर रही है ताकि किसी भी प्रकार की मानवीय दखलंदाजी या संभावित खतरे से शावकों को सुरक्षित रखा जा सके।
यह भी पढ़े -दुकान में घुसकर तीन युवकों ने बेरहमी से पीटा, चंदौरा चौकी क्षेत्र के ग्राम रामनई की घटनाए
पुनस्र्थापना की सफलता की प्रतीक रही बाघिन
धूंधुआ सेहा वही ऐतिहासिक क्षेत्र है जिसने वर्ष 2010 में पन्ना टाइगर रिजर्व के बाघ पुनस्र्थापना कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसी क्षेत्र में ऐतिहासिक बाघिन टी-1 ने अपने पहले चार शावकों को जन्म दिया था। उस समय पन्ना में बाघों की संख्या लगभग समाप्त हो चुकी थी और टी-1 के शावकों ने यहां बाघों की नई पीढ़ी की शुरुआत की थी।
हाई अलर्ट पर पूरा इलाका
उप संचालक वीरेंद्र पटेल ने बताया कि नवजात शावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पर्यटकों व बाघ परिवार के बीच किसी भी संभावित टकराव से बचा जा सके इसके लिए पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वन विभाग लगातार बाघिन और उसके शावकों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
Created On :   2 July 2026 3:25 PM IST













