Panna News: अमानगंज में बायपास बंद होने से यातायात चरमराया, नागरिक हलाकान

अमानगंज में बायपास बंद होने से यातायात चरमराया, नागरिक हलाकान
  • अमानगंज में बायपास बंद होने से यातायात चरमराया, नागरिक हलाकान

Panna News: अमानगंज नगर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। ज्रिसका मुख्य कारण बायपास मार्ग का दोनों ओर से बंद होना है। प्रशासन द्वारा सुबह ०6 बजे से रात 10 बजे तक भारी और व्यावसायिक वाहनों के नगर प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद बायपास बंद होने से यह वाहन मुख्य मार्गों से गुजरने को मजबूर हैं जिससे नगर में भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। नगर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों को बायपास मार्ग से होकर गुजरने का निर्देश दिया था। यह निर्णय नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए लिया गया था। हालांकि बायपास मार्ग के बंद होने से यह व्यवस्था बेमानी साबित हो रही है।

नागरिकों ने उठाए सवाल

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बायपास मार्ग का निर्माण और सुधार कार्य पूर्ण हो चुका है लेकिन पाइप डालने के नाम पर इसे दोनों ओर से बंद कर दिया गया है। इससे नगर के मुख्य मार्गों पर वाहनों का अत्यधिक दबाव बढ़ गया है। खासकर संकीर्ण बाजार क्षेत्रों में जहां जाम की स्थिति लगातार बनी रहती है। पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों को इससे भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों द्वारा फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण ने भी इस समस्या को और विकट बना दिया है।

आवश्यक सेवाओं को मिली छूट

प्रशासन ने कुछ आवश्यक सेवाओं के वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी है। इनमें फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, पुलिस वाहन, नगरीय निकाय की स्वास्थ्य सेवाओं में लगे वाहन, एलपीजी व पेट्रोलियम पदार्थ वाहन, दुग्ध वाहन, विद्युत मंडल के कार्यों में संलग्न वाहन, राज्य शासन की नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों के उठाव कार्य में लगे वाहन तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत उचित मूल्य दुकानों में युवा अन्नदूत योजना के तहत शासकीय खाद्यान्न उठाव कार्य में लगे वाहन शामिल हैं।

तत्काल समाधान की मांग

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल बायपास मार्ग को दोनों ओर से खोलने की मांग की है जिससे नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और उन्हें इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके। नागरिकों का कहना है कि यदि यह समस्या जल्द हल नहीं हुई तो उनकी परेशानियाँ और बढ़ सकती हैं। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना होगा जिससे अमानगंज के नागरिक जाम और अव्यवस्था से मुक्त हो सकें।

इनका कहना है

बाईपास में पुलियों का निर्माण किया जा रहा है इस कारण से उसे मार्ग को बंद कर दिया गया है नगर में जाम ना लगे लोगों को परेशानी ना हो इसके लिए पुलिस यातायात व्यवस्था बना रही है।

श्रीमती माधवी अग्निहोत्री, थाना प्रभारी अमानगंज

Created On :   31 May 2025 12:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story