पिंपरी चिंचवड़ मनपा: 8676.80 करोड़ का बजट पेश, न करवृद्धि, न कोई दरवृद्धि, न बड़ी योजना, न घोषणा

8676.80 करोड़ का बजट पेश, न करवृद्धि, न कोई दरवृद्धि, न बड़ी योजना, न घोषणा
  • पुरानी योजनाओं को पूरा करने पर जोर
  • केंद्र और राज्य सरकार के अनुदान पर निर्भर

डिजिटल डेस्क, पुणे। चुनावी वर्ष के चलते लगातार तीसरे साल बिना किसी कर या कर की दरों में वृद्धि और नई व बड़ी परियोजनाओं के अभाव वाला पिंपरी चिंचवड़ मनपा का नए वित्त वर्ष 2024-2025 के लिए 5842.06 करोड़ रूपये का मूल एवं केंद्र और राज्य सरकार पुरस्कृत योजनाओं 2376.64 करोड़ रूपये कुल 8676.80 करोड़ का बजट पेश किया गया। मनपा के मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी प्रवीण जैन ने मंगलवार को मनपा आयुक्त एवं प्रशासक शेखर सिंह को 1149 करोड़ 59 लाख रुपये की शेष राशि के पेश किये गए इस बजट में पुरानी योजनाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया गया है। मनपा के इस बजट का भी बड़ा हिस्सा केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदान पर निर्भर है। इसमें आय वृद्धि पर जोर दिया गया है। तलवडे, चिखली, वाल्हेकरवाड़ी अग्निकांड में बड़े पैमाने पर हुई जीवित को ध्यान में लेकर बर्न वार्ड और पीपीपी तत्व पर कैंसर हॉस्पिटल, सिटी सेंटर, मोशी स्टेडियम, स्व अण्णासाहेब मगर स्टेडियम के निर्माण की योजना इस साल के बजट के प्रमुख आकर्षण हैं।

स्थानीय निकायों के चुनाव आधार में लटके रहने पिंपरी चिंचवड़ मनपा में पिछले दो वर्षों से लोकनियुक्त समिति नहीं है और मनपा में प्रशासनिक शासन शुरू है। चूँकि इस साल लोकसभा चुनाव होने हैं, उसके बाद विधानसभा चुनाव हैं। साथ ही स्थानीय निकायों के चुनाव भी कभी भी हो सकते हैं। इसलिए इस साल भी किसी कर या करों की दरों में कोई बढ़ोतरी करने सी बचने की भूमिका अपनाई गई है। आज सुबह 11 बजे बजट विशेष सभा बुलाई गई थी। मुख्य लेखा अधिकारी प्रवीण जैन ने प्रशासक शेखर सिंह को बजट प्रस्तुत किया। इस मौके पर मनपा के अपर आयुक्त प्रदीप जंभाले पाटिल, उल्हास जगताप, विजयकुमार खोराते आदि समेत अन्य आला अधिकारी मौजूद थे। मनपा का यह 42वां बजट और प्रशासक शेखर सिंह का दूसरा बजट है। चूँकि मनपा में कोई लोकनियुक्त समिति नहीं है अतः इस बजट को प्रशासक सिंह ने तत्काल मंजूरी दे दी। हालाँकि बजट का क्रियान्वयन नए वित्त वर्ष 1 अप्रैल 2024 से शुरू होगा। कुछ अपवादों को छोड़कर बजट में न कोई नई योजना को शामिल किया गया है, कोई नई घोषणा नहीं की गई है।

मनपा की आय कैसे बढ़ाई जाए, इसके लिए नए साल के बजट में 'रोड मैप' प्लान किया है। इसमें उम्मीद जताई गई है कि संपत्ति कर, जीएसटी और निर्माण विकास शुल्क आय के पारंपरिक स्रोतों से राजस्व बढ़ाने में सक्षम होंगे। मनपा आयुक्त शेखर सिंह ने संवाददाताओं को बताया, वित्तीय वर्ष 2024-25 में ओपनिंग बैलेंस के साथ 5841 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है। इसमें से वास्तविक व्यय 5832 करोड़ रुपये होगा, जबकि मार्च 2025 के अंत तक 9 करोड़ रुपये की राशि शेष रह जाएगी। बजट में मनपा की ओर से किये जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों के लिए 1863 करोड़ 48 लाख रुपये की पर्याप्त राशि उपलब्ध करायी गयी है। ए, बी, सी, डी, ई, एफ, सी, एच क्षेत्रीय कार्यालयवार विकासकामों के लिए क्रमशः 23 करोड़ 26 लाख, 11 करोड़ 76 लाख, 21 करोड़ 66 लाख, 38 करोड़ 43 लाख, 13 करोड़ 02 लाख, 35 करोड़ 25 लाख, 16 करोड़ 51 लाख, 32 करोड़ 7 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। बड़ी परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 1031.79 लाख रुपए, शहरी गरीबों के लिए बीएसयूपी बजट के लिए 1898 करोड़, महिलाओं के लिए जेंडर बजट में 61. 58 करोड़, दिव्यांगों के कल्याणकारी योजनाओं के लिए 65.21 करोड़ रुपए आबंटित किये गए हैं।

मनपा आयुक्त एवं प्रशासक शेखर सिंह ने बताया, मनपा ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में महत्वपूर्ण गतिविधियाँ संचालित की हैं। इनमें संपत्ति हस्तांतरण प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज बनाना, स्थानीय निकाय कर (एलबीटी) के तहत शहर में व्यवसायियों के लिए सरकार द्वारा अनुमोदित अभय योजना लागू करना, शहरी विकास योजना के तहत 61 किमी लंबी सड़कों का विकास करना, नागरिकों की सुविधा के लिए अर्बन स्ट्रीट डिजाइन के अनुसार सड़कों का विकास करना, मुला नदी पर सांगवी-बोपोडी के बीच एक पुल, सांगवी फाटा से किवले रोड पर रक्षक चौक पर सबवे का निर्माण, पवना नदी पर मामुर्डी-संगवाडे के बीच पुल का निर्माण, मेट्रो परियोजना का विस्तार, बीआरटी नेटवर्क का विस्तार, हरित सेतु परियोजना के मास्टर प्लान की तैयारी, 700 बिस्तरों वाले 8 मंजिला मोशी अस्पताल का निर्माण, वारकरी के आवास के लिए वारकरी भवन का निर्माण, पीपीपी आधार पर थेरगांव अस्पताल के पास 60 बिस्तरों वाले नए कैंसर अस्पताल, चिंचवड़ गाँव स्थित पुराने तालेरा अस्पताल में 32 बिस्तरों का बर्न वार्ड, पीपीपी तत्व पर चिंचवड़ में सिटी सेंटर, मोशी में स्टेडियम, पिंपरी नेहरूनगर में स्व अण्णासाहेब मगर स्टेडियम के पुनर्निर्माण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को बजट में शामिल किया गया है। इसके अलावा, नदी पुनरुद्धार परियोजना, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत विभिन्न कार्य, सीवेज उपचार परियोजना, जल आपूर्ति मामलों के लिए आवश्यक कार्य, प्रत्येक क्षेत्रीय कार्यालय क्षेत्र में 1 के हिसाब से मनपा के कुल 8 अंग्रेजी माध्यम के स्कूल शुरू करने की योजना है।

बजट की विशेषताएं!

1) विभिन्न विकास कार्यों के लिए 1833 करोड़ 48 लाख

2) शहरी गरीबों के लिए 1898 करोड़

3) क्षेत्रीय स्तर पर विकास कार्यों के लिए 200 करोड़ 54 लाख

4) जल आपूर्ति योजनाओं के लिए 269 करोड़

5) अमृत योजना के लिए 30 करोड़ 38

6) स्वच्छ भारत मिशन के लिए 000 करोड़

7) स्मार्ट सिटी योजनाओं के लिए 50 करोड़

8) दिव्यांग कल्याण योजना के लिए 21.65 करोड़

9) अतिक्रमण हटाओ व्यवस्था के लिए 10 करोड़

10) भूमि अधिग्रहण के लिए 100 करोड़

11)अतिक्रमण उन्मूलन के लिए 10 करोड़

12) मेट्रो के लिए 50 करोड़.

13) पीएमपीएमएल के लिए 325. 61 करोड़

Created On :   20 Feb 2024 2:07 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story