Seoni News: सीजन में दूसरी बार खुले भीमगढ़ बांध के गेट

सीजन में दूसरी बार खुले भीमगढ़ बांध के गेट
  • तीन गेट खोलकर छोड़ा जा रहा 20 हजार 500 घन
  • सिवनी में अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
  • जिला प्रशासन द्वारा नदी के घाटों-किनारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है।

Seoni News: जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए इस सीजन बुधवार को दूसरी बार संजय सरोवर परियोजना (भीमगढ़ बांध) के गेट खोले गए। स़ुबह 8 बजे 3 गेट खोले गए, जिनसे प्रति सेकेण्ड 20 हजार 500 घनफीट पानी छोड़ा जा रहा है। इससे वैनगंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है। देवघाट, मझगंवा, मलारा, डोभ, सुनवारा, कोठीघाट व केवलारी में वैनगंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया।

जिला प्रशासन द्वारा नदी के घाटों-किनारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है। इधर, बुधवार को जिले में कहीं भी तेज बारिश होने की जानकारी सामने नहीं आई है। सिवनी में दोपहर कुछ देर के लिए फुहारें पड़ीं।

इन गेटों को खोला गया -जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री प्रेमनारायण नाग के अनुसार मंगलवार को बांध का जलस्तर 517.10 मीटर पर पहुंच जाने के कारण तीन गेट खोलने का निर्णय लिया गया। बुधवार की सुबह जलस्तर 517.15 मीटर हो गया था। सुबह 8 बजे गेट क्रमांक 5,6 व 7 को क्रमश: 1.40 मीटर, 1.60 मीटर व 1.40 मीटर हाईट तक खोलकर 20 हजार 500 घनफीट पानी प्रति सेकेण्ड छोड़ा जा रहा है।

बांध में पानी का इनफ्लो 119 घनमीटर प्रति सेकेण्ड बताया जा रहा है। इससे पहले 8 जुलाई की दोपहर 12 बजे बांध के 2 गेट खोले गए थे। लगातार 48 घंटे तक गेट खोलकर पानी वैनगंगा नदी में छोड़ा गया था।

बारिश के आसार कम -मौसम विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार आगामी 19 जुलाई की सुबह तक जिले में तेज बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि कहीं-कहीं पानी बरस सकता है। इस अवधि में वज्रपात व झंझावत की संभावना जाहिर की गई है।

बुधवार को सिवनी में अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बारिश दर्ज नहीं हुई है। पानी न बरसने व तेज धूप के कारण उमस से दिन भर लोग परेशान हुए।

Created On :   17 July 2025 1:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story