Seoni News: नदी-नाले उफान पर, रपटे-पुलिया ओवरफ्लो, आवाजाही हुई बाधित

नदी-नाले उफान पर, रपटे-पुलिया ओवरफ्लो, आवाजाही हुई बाधित
  • लगातार बारिश से बांधों का जलस्तर बढ़ा, रेल अंडरब्रिजों में पानी भरने से हुई परेशानी
  • जिले के ग्रामीण इलाकों में ज्यादा परेशानी

Seoni News: जिले भर में गुरुवार की रात से बारिश का सिलसिला शुक्रवार की शाम तक जारी रहा। कहीं रिमझिम तो कहीं झमाझम बारिश हुई। बारिश के कारण छोटे नाले उफान पर आ गए तो वहीं नदियों में जलस्तर बढ़ गया। हिर्री नदी के उफान पर आने से उगली-कंजई मार्ग बंद हो गया था। केवलारी के पास सिवनी से नैनपुर मार्ग पर थांवर नदी में बाढ़ आने पर पुराने रपटे के ऊपर से पानी जाने के कारण आवाजाही बंद रही।

हालांकि बड़े पुल से लोगों का आना-जाना शुरु रहा। रेल अण्डरब्रिजों में पानी भरने से भी आवाजाही प्रभावित हुई। जिले में लगातार बारिश के कारण कहीं कोई जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आम जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार जिले में शुक्रवार को सिवनी में 15.4 एमएम और 1 जून से 4 जुलाई तक जिले में कुल 310.0 औसत बारिश दर्ज की गई।

अंडरब्रिज में पानी भरने से मुसीबत

जिले में कई रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पानी भरने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। घंसौर से जबलपुर मार्ग पर डोला फाटक के रेलवे अंडर ब्रिज में ढाई फिट पानी भर गया था। इसी प्रकार केवलारी से बिनैकी मार्ग में रेलवे अंडर ब्रिज में पानी भरने के कारण लोग पटरी क्रॉस कर आ-जा रहे थे। वाहनों की आवाजाही बंद हो गई थी। इसी प्रकार उगली से कंजई बालाघाट मार्ग पर हिर्री नदी के उफान के आने के कारण रास्ता बंद हो गया था। उगली से बालाघाट जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

भीमगढ़ बांध का बढ़ा जलस्तर

लगातार बारिश के कारण भीमगढ़ बांध का भी जलस्तर बढ़ रहा है। शुक्रवार को दोपहर को बांध का जलस्तर 511.55 मीटर था। बांध का भराव क्षमता 519.38 मीटर है। आने वाले दिनों में और भी जलस्तर बढऩे की संभावना है। इसी प्रकार अन्य बांधों का जलस्तर भी बढ़ा है।

तापमान में आई गिरावट

बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। गुरुवार को अधिकतम 24.8 और न्यूनतम तापमान 22.4 था। शुक्रवार को तापमान अधिकतम 23.6 और न्यूनतम तापमान 23.0 डिसे रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के चलते तापमान में कमी आना संभव है।

कच्चे रास्तों ने बढ़ाई मुसीबतें

ग्रामीण इलाकों में बारिश के कारण कच्चे रास्ते दलदल जैसे तब्दील हो गए। लोगों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बखारी गांव के पास समनापुर से पिपरिया तक दो किमी कच्चे मार्ग पर चलना मुश्किल हो गया। इसी प्रकार समनापुर से रैयत गांव तक भी यही परेशानी है। भीमगढ़ से गंगई रैयत को जाने वाला मार्ग भी खराब हो गया।

Created On :   5 July 2025 1:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story