- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- एक पखवाड़े बाद खुलेंगे पार्क के...
Seoni News: एक पखवाड़े बाद खुलेंगे पार्क के गेट, महंगी होगी सफारी

- एंट्री फीस में 10 प्रतिशत की हुई बढ़ोत्तरी, तैयारियों मेें जुटा पार्क प्रबंधन, वाहनों की होने लगी फिटनेस
- पार्क के कोर एरिया में पर्यटन शुरु होने के पहले सफारी के लिए वाहनों की फिटनेश शुरु हो गई है।
Seoni News: नए पर्यटक सीजन की शुरुआत एक पखवाड़े बाद हो जाएगी। पेंच टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में सफारी के लिए तीनों गेट पर्यटकों के लिए खुल जाएंगे। नए सीजन को लेकर पार्क प्रबंधन भी तैयारियों में जुट गया है। अब पर्यटकों को सफारी के लिए अधिक पैसे देेने पड़ेेंगे। राज्य शासन ने एंट्री फीस 10 प्रतिशत बढ़ा दी है। वर्तमान में पार्क के अंदर के रास्तों की सफाई और सुधार करने के लिए अंतिम कार्रवाई चल रही है। हालांकि अभी भी कई रास्तों में पानी भरा हुआ है।
ये होगा नया शुल्क
जानकारी के अनुसार अभी तक कोर एरिया में एंट्री फीस एक वाहन का 24 सौ रुपए लगता था जो कि एक अक्टूबर से 2640 रुपए भारतीय पर्यटकों के लिए लगेगा। इसी प्रकार विदेशी पर्यटकों के एक वाहन की एंट्री फीस 48 सौ की जगह 5280 रुपए लगेगी। इसके अलावा गाइड शुल्क 480 रुपए की जगह 800 रुपए होगा। हालांकि एंट्री फीस को लेकर कभी विरोध देखने को नहीं मिला है। ज्ञात हो कि पार्क का कुल 1179 वर्ग किमी का एरिया है। इसमें से 411 वर्ग किमी का एरिया कोर का है।
जारी है अभी भी मानसून गश्त
एक जुलाई से पार्क के कोर एरिया के गेट पर्यटकों के लिए बंद होने के बाद पार्क के कोर और बफर एरिया में मानसून गश्त शुरु हो जाती है। अभी भी मानसून गश्त हो रही है। इस दौरान यह देखा जा रहा है कि शिकारियों की घुसपैठ तो नहीं हो रही। इसके लिए उन रास्तों पर ज्यादा फोकस होता है, जहां से घुसपैठ की संभावना रहती है। कई बार शिकारी तार बिछाकर करंट लगा देते हैं।
पिछले सीजन में आए थे सवा दो लाख पर्यटक
जानकारी के अनुसार पिछले पार्क सीजन में पेंच नेशनल टाइगर रिजर्व में सवा दो लाख से अधिक पर्यटक आए थे। इसमें से भारतीय करीब दो लाख थे जबकि विदेशियों की संख्या करीब 18 हजार थी। बताया गया कि पिछली बार टाइगर साइटिंग अधिक हुई थी। इसी कारण पर्यटकों की आवाजाही अधिक हुई थी।
सफारी के लिए वाहनों की फिटनेश शुरु
पार्क के कोर एरिया में पर्यटन शुरु होने के पहले सफारी के लिए वाहनों की फिटनेश शुरु हो गई है। वाहन मालिक परिवहन कार्यालय में जाकर फिटनेश करा रहे हैं। जानकारी के अनुसार पार्क में करीब 150 वाहन पंजीकृत हैं। सुबह 50 और शाम को 49 वाहनों की एंट्री तीनों गेटों से होती है। हालांकि वर्तमान में बफर एरिया में पर्यटन जारी है और बफर सफारी हो रही है, लेकिन यहां पर फिलहाल पर्यटक कम आ रहे हैं।
इनका कहना है
पेंच पार्क का कोर एरिया में एक अक्टूबर से पर्यटकों की एंट्री शुरु हो जाएगी। शासन ने एंट्री फीस में दस प्रतिशत का इजाफा किया है। नए सीजन के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
रजनीश कुमार सिंह, डिप्टी डायरेक्टर, पेंच टाइगर रिजर्व
Created On :   12 Sept 2025 2:04 PM IST