- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- दफ्तरों में सुबह पसरा रहता है...
Seoni News: दफ्तरों में सुबह पसरा रहता है सन्नाटा, चल रही मनमानी

- भास्कर लाइव : सुबह 10 बजे आने में कोताही,सरकारी कार्यालयों में मनमर्जी से आ-जा रहे कर्मचारी, अफसरों का नहीं नियंत्रण
- कलेक्टर बंगले के पास स्थित पीएचई के कार्यपालन अभियंता के दफ्तर में भी मनमर्जी चल रही है।
Seoni News: प्रदेश भर में शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों के आने का समय सुबह 10 बजे निर्धारित किया गया है। वहीं कार्यालय बंद होने का समय शाम 6 बजे तय है। 30 दिन में 8 दिन शनिवार व रविवार की छुट्टी तय कर प्रदेश शासन ने अधिकारियों-कर्मचारियों का भी ध्यान रखा और शेष 22 दिन सुबह 10 से शाम 6 बजे तक कार्यालय खुला रखने की व्यवस्था इसलिए लागू कि गई थी कि नागरिकों के काम जल्द निबटें व उन्हें परेशान न होना पड़े।
‘दैनिक भास्कर’ ने मंगलवार की सुबह 10 बजे से 11 बजे तक सरकारी कार्यालयों का जायजा लिया तो सामने आया कि दफ्तरों में अब भी पुराने ढर्रे पर ही काम चल रहा है। प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। 11 बजे तक कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा और अधिकारी-कर्मचारी गायब रहे। उनकी सीटें खाली पड़ी रहीं।
कहीं-कहीं प्यून व इक्का-दुक्का कर्मचारी ही मौजूद दिखे। प्रदेश सरकार सामान्य प्रशासन विभाग ने वर्ष 2024 के जून माह में सभी कलेक्टरों व कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए गए थे कि वे यह देखें कि समस्त शासकीय कर्मचारी समय पर कार्यालय में उपस्थित हों और समय पर जाएं। चल रही मनमानी बताती है कि इस निर्देश को जिले में गंभीरता से नहीं लिया गया।
नगर पालिका परिषद कार्यालय में सुबह 10:31 बजे तक सन्नाटा पसरा हुआ था। केवल दो महिला कर्मचारी ही मौजूद दिखीं, शेष अधिकारियों कर्मचारियों का अता-पता नहीं था। सीएमओ विशाल सिंह मस्कोले से संपर्क किए जाने पर उनका कहना था कि वे भोपाल में हैं। उन्होंने कहा कि सभी को सुबह निर्धारित समय पर आने के निर्देश दिए किए जाएंगे।
सुबह 10:36 बजे तक सिवनी जनपद कार्यालय में कोई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद नहीं था। कुर्सियां खाली पड़ी हुई थीं। दफ्तर में केवल प्यून ही नजर आया, जो यह नहीं बता सका कि अधिकारी-कर्मचारी कितने बजे आते हैं।
कलेक्टर बंगले के पास स्थित पीएचई के कार्यपालन अभियंता के दफ्तर में भी मनमर्जी चल रही है। यहां पदस्थ अमला निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं आता। सुबह 10:41 बजे अधिकतर कुर्सियां खाली पड़ी रहीं।
पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में भी सरकारी दिशा-निर्देशों को ठेंगा दिखाया जा रहा है। सुबह 11:00 बजे तक यहां पदस्थ अधिकतर कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। उनकी कुर्सियां खाली पड़ी रहीं।
पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के ऊपर स्थित पीआईयू के कार्यपालन यंत्री के दफ्तर में भी अधिकतर कर्मचारी गायब रहे। 11:05 तक यहां कुर्सियां खाली पड़ी रहीं।
Created On :   16 July 2025 1:47 PM IST