DC vs MI Updates: जैक-फ्रेजर मैकगर्क की तूफानी पारी, रशिख सलाम की धारदार गेंदबाजी, हाई-स्कोरिंग मुकाबले में 10 रनों से जीती दिल्ली

जैक-फ्रेजर मैकगर्क की तूफानी पारी, रशिख सलाम की धारदार गेंदबाजी, हाई-स्कोरिंग मुकाबले में 10 रनों से जीती दिल्ली
  • अपना दसवां मैच खेल रही है दिल्ली कैपिटल्स
  • अपना नौवां मैच खेल रही है मुंबई इंडियंस
  • टूर्नामेंट में बने रहने के लिए जीत जरूरी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन का धमाकेदार आगाज हो गया है। पिछले एक महीने में फैंस को हर एक दिन एक से बढ़कर एक रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं। इसी कड़ी में आज शानदार शनिवार को दिन के पहले और सीजन के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस की टीमें आमने-सामने थीं। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने आखिरी ओवर में 10 रनों से जीत हासिल की। दिल्ली कैपिटल्स की इस शानदार जीत में युवा बल्लेबाज जैक-फ्रेजर मैकगर्क (84 रन) और युवा गेंदबाज रशिख सलाम (3 विकेट) ने अहम भूमिका निभाई। जबकि मुंबई इंडियंस के लिए तिलक वर्मा (63 रन) की अर्धशतकीय पारी बेकार गई। इसके साथ ही दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने इस सीजन अपनी पांचवी जीत दर्ज की। जबकि मुंबई इंडियंस को अपनी छठवीं हार झेलनी पड़ी।

जैक-फ्रेजर मैकगर्क की तूफानी पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। जैक-फ्रेजर मैकगर्क और अभिषेक पोरेल की नई ओपनिंग जोड़ी ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाते हुए महज 46 गेंदों में 114 रनों की शतकीय साझेदारी निभाई। इस दौरान जैक-फ्रेजर मैकगर्क ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया। हालांकि, एक तूफानी शतक से पहले मैकगर्क (84 रन) पवेलियन लौट गए। जबकि उनके बाद अभिषेक पोरेल (36 रन) चलते बने। इस दोहरे झटके के बाद शाई होप और कप्तान ऋषभ पंत की जोड़ी ने अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। लेकिन अपने अर्धशतक से पहले शाई होप (41 रन) पवेलियन लौट गए। हालांकि, कप्तान ऋषभ पंत ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ भी अर्धशतकीय साझेदारी निभाकर टीम के स्कोर को दो सौ रनों के पार पहुंचाया। जबकि ऋषभ पंत (29 रन) के पवेलियन लौटने के बाद ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 48 रन) और अक्षर पटेल (नाबाद 11 रन) की जोड़ी ने तूफानी फिनिश करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 257 रनों के विशालकाय टोटल तक पहुंचाया। मुंबई इंडियंस की ओर से जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, मोहम्मद नबी और ल्यूक वुड ने एक-एक विकेट हासिल किए।

रशिख सलाम ने की धारदार गेंदबाजी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने भी शानदार शुरुआत की। इशान किशन (20 रन) और रोहित शर्मा (8 रन) की ओपनिंग जोड़ी ने शुरुआती तीन ओवरों में 35 रनों की साझेदारी निभाई। लेकिन दोनों बल्लेबाज अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए और पवेलियन लौट गए। इस दोहरे झटके के बावजूद इम्पैक्ट प्लेयर सूर्यकुमार यादव पावरप्ले ओवरों का फायदा उठाते हुए टीम के स्कोर को पचास रनों के पार पहुंचाया। लेकिन सूर्या (26 रन) भी अपनी पारी को बड़ी नहीं कर सके। टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों के सस्ते में पवेलियन लौटने के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा की जोड़ी ने शानदार साझेदारी निभाई। लेकिन युवा तेज गेंदबाज रशिख सलाम ने एक ही ओवर में हार्दिक पांड्या (46 रन) और नेहल वढेरा (4 रन) को पवेलियन का रास्ता दिखाकर मुंबई को दोहरा झटका दिया। हालांकि, तिलक वर्मा (63 रन) और टिम डेविड (37 रन) की जोड़ी ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मुंबई को मुकाबले में बनाए रखा। लेकिन मुकेश कुमार ने दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर मुकाबले को खत्म कर दिया। अंत में मुंबई इंडियंस की टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट गवांकर 247 रन ही बना सकी।

Live Updates

  • 27 April 2024 11:54 AM GMT

    मुंबई के सामने 258 रनों का विशालकाय लक्ष्य

    जैक-फ्रेजर मैकगर्क (84 रन) और शाई होप (41 रन) की धमाकेदार पारियों के बाद अंत में ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 48 रन) ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के स्कोर को ढाई सौ रनों के पार पहुंचाया। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने मुंबई इंडियंस को 458 रनों का विशालकाय लक्ष्य दिया है।

  • 27 April 2024 11:50 AM GMT

    जसप्रीत बुमराह ने ऋषभ पंत को भेजा पवेलियन

    चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान ऋषभ पंत ने इस मुकाबले में भी धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 29 रनों की शानदार पारी खेली। लेकिन अपने आखिरी ओवर में जसप्रीत बुमराह ने एक सटीक बाउंसर पर उन्हें रोहित शर्मा के हाथों कैच कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 19 ओवर के बाद चार विकेट के नुकसान पर 240 रन है।

  • 27 April 2024 11:39 AM GMT

    दो सौ रनों के पार पहुंचा दिल्ली का स्कोर

    शाई होप के पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे ट्रिस्टन स्टब्स ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी निभाकर दिल्ली को दो सौ रनों के पार पहुंचाया। इस समय दौरान स्टब्स ने ल्यूक वुड के एक ही ओवर में पांच चौके और एक छक्का लगाया। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 18 ओवर के बाद चार विकेट के नुकसान पर 234 रन है।

  • 27 April 2024 11:17 AM GMT

    ल्यूक वुड ने शाई होप को भेजा पवेलियन

    ताबड़तोड़ शुरुआत के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शाई होप ने रनों की रफ्तार बरकरार रखते हुए महज 17 गेंदों में 41 रनों की शानदार पारी खेली। लेकिन ल्यूक वुड ने दो गेंदों पर दो छक्के खाने के बाद वापसी करते हुए उन्हें तिलक वर्मा के हाथों कैच कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 14 ओवर के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 181 रन है।

  • 27 April 2024 11:04 AM GMT

    डेढ़ सौ रनों के पार पहुंचा दिल्ली का स्कोर

    जैक-फ्रेजर मैकगर्क के पवेलियन लौटने के बाद धीमी पड़ गई दिल्ली कैपिटल्स की पारी को शाई होप ने रफ्तार दी। पारी के 12वें ओवर में होप ने मोहम्मद नबी को दो छक्के लगाकर टीम के स्कोर को डेढ़ सौ रनों के पार पहुंचाया। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 12 ओवर के बाद दो विकेट के नुकसान पर 154 रन है।

  • 27 April 2024 10:57 AM GMT

    मोहम्मद नबी की फिरकी में फंसे अभिषेक पोरेल

    जैक-फ्रेजर मैकगर्क के साथ मिलकर दिल्ली कैपिटल्स को तूफानी शुरुआत दिलाने वाले अभिषेक पोरेल भी 27 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हो गए। पोरेल को मोहम्मद नबी ने विकेट के पीछे इशान किशन के हाथों कैच कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 10 ओवर के बाद दो विकेट के नुकसान पर 128 रन है।

  • 27 April 2024 10:45 AM GMT

    चावला की फिरकी में फंसे जैक-फ्रेजर मैकगर्क

    महज 15 गेंदों में अर्धशतक लगाने के बाद आईपीएल इतिहास के सबसे तेज शतक की ओर बढ़ा रहे युवा बल्लेबाज जैक-फ्रेजर मैकगर्क महज 27 गेंदों में 84 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मैकगर्क पीयूष चावला की गेंद पर बड़ा शॉर्ट खेलने की कोशिश में बाउंड्री लाइन पर मोहम्मद नबी को कैच थमा बैठे। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 8 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 116 रन है।

  • 27 April 2024 10:32 AM GMT

    पावरप्ले में दिल्ली का स्कोर सौ रनों के करीब

    जैक-फ्रेजर मैकगर्क की तूफानी शुरुआत की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पावरप्ले के शुरुआती पांच ओवरों में ही 89 रन बना दिए। लेकिन पावरप्ले के आखिरी ओवर में जसप्रीत बुमराह ने धारदार गेंदबाजी करते हुए अभिषेक पोरेल को बांधकर रखा और महज 3 रन दिए। इस समय दिल्ली कैपिटल्स की टीम का स्कोर 6 ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 92 रन है।

  • 27 April 2024 10:23 AM GMT

    जैक-फ्रेजर मैकगर्क ने लगाया तूफानी अर्धशतक

    युवा बल्लेबाज जैक-फ्रेजर मैकगर्क ने इस मुकाबले में भी मिली अपनी तूफानी शुरुआत को शानदार पारी में तब्दील करते हुए महज 15 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्के की मदद से सीजन में अपना तीसरा अर्धशतक ठोक दिया। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 4 ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 69 रन है।

  • 27 April 2024 10:18 AM GMT

    दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर पचास रनों के पार

    जैक-फ्रेजर मैकगर्क और अभिषेक पोरेल की नई ओपनिंग जोड़ी ने दिल्ली कैपिटल्स को इस मुकाबले में धमाकेदार शुरुआत दिलाते हुए महज 17 गेंदों में अर्धशतकीय साझेदारी निभाकर पारी के तीसरे ओवर में टीम के स्कोर को पचास रनों के पार पहुंचाया। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 3 ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 55 रन है।

Created On :   27 April 2024 9:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story