आईपीएल रिकॉर्ड्स: धोनी ने 226 तो रोहित ने की 158 मैचों में कप्तानी, यहां देखिए सबसे ज्यादा मैचों में की कप्तानी करने वाले टॉप-5 खिलाड़ी

धोनी ने 226  तो रोहित ने की 158 मैचों में कप्तानी, यहां देखिए सबसे ज्यादा मैचों में की कप्तानी करने वाले टॉप-5 खिलाड़ी
  • आज से हो रहा दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग का आगाज
  • पहले मैच में होगी धोनी और कोहली की भिड़ंत
  • धोनी और रोहित समेत इन खिलाड़ियों ने की सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। विश्व की सबसे बड़ी और लोकप्रिय टी-20 क्रिकेट लीग आईपीएल के 17वें सीजन का आगाज आज से हो रहा है। इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अलग-अलग फ्रेंचाइजियों की कप्तानी की है। लेकिन यह देखा गया कि जिन खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी की है उन्हीं की टीमें सबसे ज्यादा सफल रहीं हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड टीम इंडिया को तीन आईसीसी ट्रॉफी के खिताब दिलाने वाले महेंद्र सिंह धोनी के नाम है। उन्होंने लीग के पहले सीजन से लेकर 16वें सीजन तक कुल 226 मैचों में कप्तानी की है। आईए जानते हैं पांच ऐसे खिलाड़ियों के बारे में जिन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी की है।

एम एस धोनी: आईपीएल में जब भी सबसे सफल कप्तानों की बात आती है तो महेंद्र सिंह धोनी का नाम उस सूची में टॉप पर आता है। धोनी ने अपनी कप्तानी में सीएसके को 5 आईपीएल ट्रॉफी जिताई हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने में धोनी का नाम सबसे ऊपर आता है। उन्होंने अपने आईपीएल करियर के दौरान दो फ्रेंचाइजियों की कप्तानी है। 2008 से 2015 तक थाला ने चेन्नई सपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी की। सीएसके पर दो साल का बैन लगने के कारण दो सीजन के लिए धोनी राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स का हिस्सा रहे। जिसमें उन्होंने पुणे की टीम के लिए 2016 में कप्तानी की। 2017 में उनकी जगह स्टीव स्मिथ को कप्तानी का जिम्मा सौंपा दिया गया। हांलाकि, जब सुपर किंग्स से दो साल का बैन हटा तो साल 2018 में दोबारा माही को चेन्नई की टीम कप्तान बना दिया गया। जिसके बाद धोनी ने 2018 से लेकर 2023 तक चेन्नई की कप्तानी की। धोनी ने अपने आपीएल करियर में अब तक कुल 226 मैचों में कप्तानी की है। जिसमें धोनी ने 133 मैच जीते हैं। जबकि, 91 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने चेन्नई की कप्तानी करते हुए साल 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 के आईपीएल सीजन का खिताब अपने नाम किया है।

रोहित शर्मा: इस सूची में दूसरे नंबर पर भारतीय टीम के कप्तान और आईपीएल में पांच बार की विजेता टीम मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का नाम आता है। साल 2013 में सचिन तेंदुलकर के रिटायरमेंट के बाद रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की कप्तानी का जिम्मा सौंपा गया। रोहित ने 2013-2023 के बीच कुल 158 मैचों में मुंबई के लिए कप्तानी की है। जिसमें उन्होंने 87 मैच जीते हैं जबकि 67 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। अपने कप्तानी में रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस को साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 के सीजन की आईपीएल ट्रॉफी जिताई हैं।

विराट कोहली: इस सूची में रोहित के बाद टीम इंडिया और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के पूर्व कप्तान विराट कोहली का नाम आता है। विराट कोहली ने साल 2011 में रॉयल चैंलेजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की कप्तानी का जिम्मा संभाला था। कोहली ने 2011 से 2023 के बीच आरसीबी के लिए कुल 143 मैचों में कप्तानी की है। जिसमें उन्होंने 66 मैच जीते हैं जबकि 70 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। बता दें कि कोहली ने साल 2021 का आईपीएल सीजन खत्म होने के बाद आरसीबी की कप्तानी छोड़ दी थी। लेकिन 2023 के सीजन में उन्होंने कप्तान डुप्लेसी के चोटिल होने के कारण एक मैच के लिए कोहली ने कप्तानी की थी। यह मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ मोहाली में खेला गया था जिसमें विराट कोहली ने अर्धशतक भी जमाया था। विराट कोहली की कप्तानी में आरसीबी ने 6 बार प्लेऑफ के लिए क्वलिफाई किया, एक बार तो फाइनल में भी पहुंची लेकिन ट्रॉफी हाथ नहीं लगी।

गौतम गंभीर: इस सूची में कोहली के बाद भारतीय टीम के पूर्व ओपनर और कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व कप्तान गौतम गंभीर का नाम आता है। गौतम गंभीर ने साल 2009 से 2018 के बीच कुल 129 मैचों में कप्तानी की। जिसमें उन्होंने 71 मैच जीते और 57 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़े। अपने आईपीएल करियर में गौतम गंभीर कुल दो टीमों का हिस्सा रहे। गौतम गंभीर ने साल 2009-2010 के बीच दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी की थी। साल 2011 में वे कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान बने। 2011-2017 के बीच उन्होंने कोलकाता की कप्तानी की। जिसमें उन्होंने आईपीएल के दो सीजन साल 2012 और 2014 में केकेआर को जीत दिलाई। साल 2017 में गंभीर वापस दिल्ली के कप्तान बने गए। हांलाकि, उन्होंने आधे सीजन कप्तानी करने के बाद दिल्ली की कप्तानी छोड़ दी और श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंप दी।

डेविड वॉर्नर: इस सूची में पांचवे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान डेविड वॉर्नर का नाम आता है। वॉर्नर ने 2015-2023 के बीच कुल 83 मैचों में कप्तानी की। जिसमें उन्होंने 40 मैच जीते, 41 हारे जबकि, 2 मैच टाई रहे। वॉर्नर को साल 2015 में सनराईजर्स हैदराबाद टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। उन्होंने हैदराबाद के लिए 2015-2020 तक कप्तानी की। इस दौरान उन्होंने हैदराबाद को साल 2016 का आईपीएल खिताब भी जिताया। साल 2021 में साल 2023 में रिषभ पंत की गैर मौजूदगी के चलते वॉर्नर को दिल्ली का कप्तान बनाया गया था।

Created On :   21 March 2024 6:56 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story