Shami Selection Debate: क्या टीम इंडिया में वापसी करेंगे मोहम्मद शमी? सौरव गांगुली ने दिया चौंकाने वाला जबाव

क्या टीम इंडिया में वापसी करेंगे मोहम्मद शमी? सौरव गांगुली ने दिया चौंकाने वाला जबाव
टीम इंडिया के सबसे सफल बॉलरों में से एक मोहम्मद शमी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से टीम से बाहर चल रहे हैं।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। मोहम्मद शमी बीते एक दशक में भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल बॉलरों में से एक हैं। पिछले साल हुई चैंपियनशिप ट्रॉफी के बाद से वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। चोट से वापसी करने के बाद शमी ने रणजी ट्रॉफी में बंगाल से शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद आईपीएल में भी उनकी लय बरकरार है। इतना अच्छा खेलने पर भी उनके टीम इंडिया में चयन न होने को लेकर डिबेट चलता रहता है। उनके फैंस से लेकर वह खुद अपने सेलेक्शन को लेकर चयनकर्ताओं पर निशाना साधते रहते हैं।

मिला 'दादा' का सपोर्ट

इस बीच शमी को भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज प्लेयर का सपोर्ट मिला है। उन्होंने शमी के टीम इंडिया में वापसी की वकालत की है। हम बात कर रहे हैं 'दादा' के नाम से मशहूर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की। उन्होंने शमी को लेकर कहा, "उन्हें बुमराह के साथ दूसरे छोर से गेंदबाजी करनी चाहिए। वह इतने ही बेहतरीन गेंदबाज हैं। हम सभी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनकी गेंदबाजी देखी थी। चार ओवर में सिर्फ नौ रन दिए और वह भी दो बेहतरीन टी20 खिलाड़ियों ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा के खिलाफ। यह सचमुच जबरदस्त था।"

'उनका समय लौटेगा'

वहीं, शमी की फिटनेस को लेकर उन्होंने कहा, मेरी राय में उन्हें अभी भी भारत के लिए खेलना चाहिए। मुझे पूरी उम्मीद है कि उनका समय जरूर आएगा। वह सच में शानदार गेंदबाज हैं। उनके हाथ से गेंद को सीधी सीम के साथ निकलते देखना बेहतरीन अनुभव होता है। वह पूरी तरह फिट और चुस्त-दुरुस्त नजर आ रहे हैं। महीनों तक लगातार गेंदबाजी करने से आप स्वाभाविक रूप से अपनी फिटनेस के टॉप पर पहुंच जाते हैं। कोई भी ट्रेनिंग इसकी बराबरी नहीं कर सकती। मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं और उन्हें एक बार फिर भारत की जर्सी में खेलते हुए देखना चाहूंगा।

बता दें कि शमी इस समय शानदार फार्म में चल रहे हैं। उन्होंने हाल ही में हुई रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट में बंगाल की ओर से खेलते हुए 37 विकेट चटकाए थे। आईपीएल में वह लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं। टीम के पिछले मैच में उन्होंने 4 ओवर में केवल 9 रन खर्च करते हुए हैदराबाद के ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा के विकेट चटकाए थे। इस लाजवाब प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया था।

Created On :   8 April 2026 7:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story