IPL 2026: क्या बारिश की भेंट चढ़ जाएगा DC बनाम GT का मैच? जानें कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बारिश आईपीएल 2026 का मजा किरकिरा कर रही है। हाल ही में खेले गए टूर्नामेंट के मैच या तो बारिश की वजह से रद्द हो रहे हैं या फिर उन्हें ओवर घटाकर खेला जा रहा है। मंगलवार को गुवाहाटी में खेला गया लीग का 13वां मैच बारिश की वजह से 11-11 ओवर का कराना पड़ा। इससे एक दिन पहले (6 अप्रैल) तो बारिश इतनी जोरदार हुई कि मैच को रद्द ही करना पड़ा था। आइए जानते हैं आज (8 अप्रैल) खेले जाने वाले दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के मैच में मौसम कैसा रहेगा?
बारिश बिगाड़ सकती है खेल
गुजरात के खिलाफ दिल्ली यह मैच अपने होम ग्राउंड (अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली) में खेलेगी। मुकाबले से एक दिन पहले दिल्ली में झमाझम बारिश हुई थी। कहा जा रहा है कि आज शाम के वक्त दिल्ली में बारिश होने के आसार हैं। BBC Weather के अनुसार, मैच की शुरुआत से डेढ़ घंटा पहले यानी शाम को 6 बजे दिल्ली में 18 फीसदी और 7 बजे 14 फीसदी बारिश होने की संभावना है।
हालांकि एक घंटे बाद यानि करीब 8 बजे बारिश होने की संभावना फिर बढ़कर 18 प्रतिशत पर पहुंच जाएगी। इसके बाद 9 बजे 8 फीसदी, 10 बजे 4 फीसदी और 11 बजे बारिश की संभावना घटकर 0 फीसदी हो जाएगी।
यह भी पढ़े -आईपीएल 2026 आरआर के लिए यशस्वी का 'स्पेशल शतक', सैमसन, बटलर और वॉटसन के क्लब में शामिल हुए
हेड टू हेड में गुजरात का पलड़ा भारी
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के हेड टू हेड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अभी तक आईपीएल में 7 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से गुजरात ने 4 जबकि दिल्ली ने 3 मैच अपने नाम किए हैं। पिछले सीजन में दोनों टीमों की भिड़ंत दो बार हुई थी। सभी में गुजरात टाइटंस ने जीत हासिल की थी।
Created On :   8 April 2026 4:15 PM IST












