आईपीएल 2024: अभिषेक शर्मा ने लगाया सीजन का सबसे तेज अर्धशतक, बावजूद इसके युवराज सिंह ने कहा- 'लातों के भूत बातों से नहीं मानते'

अभिषेक शर्मा ने लगाया सीजन का सबसे तेज अर्धशतक, बावजूद इसके युवराज सिंह ने कहा- लातों के भूत बातों से नहीं मानते
  • अभिषेक शर्मा ने लगाया सीजन का सबसे तेज अर्धशतक
  • बावजूद इसके युवराज सिंह हुए अभिषेक शर्मा से गुस्सा
  • युवराज सिंह ने कहा- 'लातों के भूत बातों से नहीं मानते'

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन का आठवां मुकाबला कल सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। जहां हैदराबाद की टीम ने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा टोटल खड़ा करके मुंबई को 31 रनों से मात दी। हैदराबाद की इस जीत में युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए। अभिषेक ने मुकाबले में महज 16 गेंदों में इस सीजन की सबसे तेज फिफ्टी जड़ी। हालांकि, उनकी इस ताबड़तोड़ पारी के बावजूद भारत के पूर्व बल्लेबाज और अभिषेक के गुरु युवराज सिंह खुश नहीं हैं।

आउट होने के तरीके पर युवराज हुए गुस्सा

हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के बाद युवराज सिंह ने अपने ऑफिशियल एक्स (ट्विटर) अकाउंट से एक ट्वीट किया। अपने इस ट्वीट में उन्होंने अभिषेक शर्मा की पारी की तारीफ की। लेकन उनके आउट होने के तरीके पर उन्हें कहा कि लातों के भूत बातों से नहीं मानते। अपने ट्वीट में युवराज सिंह ने लिखा "वाह अभिषेक सर वाह, बहुत शानदार पारी खेली, लेकिन आउट होने के लिए क्या खुब शॉट चुना। लातों के भूत बातों से नहीं मानते। स्पेशल चप्पल आपका इंतजार कर रही है।" बता दें युवी ने अभिषेक को क्रिकेट की ट्रेनिंग दी है। इस बात का जिक्र कमेंट्री कर रहे सुरेश रैना ने भी किया और अभिषेक भी युवराज को अपना गुरु मानते हैं।

अभिषेक-क्लासेन ने खेली शानदार पारियां

एक तरफ युवराज सिंह ने अभिषेक की टांग खिचाई की। वहीं उसी पोस्ट में उन्होंने हेनरिक क्लासेन को टैग कर उनकी तारीफ करते हुए लिखा कि ग्रेट नॉक बाई क्लासी। हेनरिक क्लासेन ने इस मुकाबले में महज 34 गेंदों में नाबाद 80 रनों की तूफानी पारी खेली थी। हालांकि, क्लासेन से पहले अभिषेक शर्मा ने महज 23 गेंदों में 63 रनों की धुंआधार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 छक्के और 3 चौके लगाए। अपनी इस पारी के दौरान अभिषेक ने महज 16 गेंदों में अर्धशतक लगाकर सीजन की सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उनकी धमाकेदार पारी का अंत अनुभवी स्पिनर पीयूष चावला ने किया। वह चावला की एक शॉर्ट बॉल पर छक्का लगाने की कोशिश में बाउंड्री लाइन पर खड़े नमन धीर के हाथों में मार बैठे।

Created On :   28 March 2024 11:11 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story