Kapil Sharma Cafe Attack Case: दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, पंजाब के लुधियाना से दबोचा

दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, पंजाब के लुधियाना से दबोचा
कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर पिछले 5 महीने में तीन बार फायरिंग हुई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू नेपाली ने ली थी। मामले की जांच में जुटी दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने हमले के मुख्य आरोपी बंधु मान सिंह सेखों को लुधियाना से गिरफ्तार किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर पिछले 5 महीने में तीन बार फायरिंग हुई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू नेपाली ने ली थी। मामले की जांच में जुटी दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने हमले के मुख्य आरोपी बंधु मान सिंह सेखों को लुधियाना से गिरफ्तार किया है। बंधु मान गोल्डी ढिल्लो गैंग का अहम सदस्य बताया जा रहा है।

क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी के पास से 8 जिंदा कारतूस के साथ PX-3 हाई-एंड पिस्टल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक उसे बंधु मान सिंह सेखों के पंजाब में छिपे होने की खबर मिली थी। इसके बाद सर्च अभियान चलाया गया और उसे गिरफ्तार किया। सेखों पर कपिल शर्मा के कैफे पर गोलीबारी करने का आरोप है। उसने ही शूटरों को हायर किया था और उन्हें हथियार मुहैया कराए थे।

दिल्ली क्राइम ब्रांच के मुताबिक सेखों लंबे समय से भारत और कनाडा के गैंगस्टरों के बीच लिंक की तरह काम कर रहा था। उसने गैंगस्टरों के कहने पर गोलीबारी, वसूली और धमकी जैसे काम किए। पुलिस अब खुफिया सूचना के आधार पर गोल्डी ढिल्लों गैंग के अन्य सदस्यों को पकड़ने में जुटी हुई है।

बता दें कि इस साल कपिल शर्मा के कनाडा के सरी स्थित कैफे पर तीन बार हमला हुआ। 7 जुलाई को शुरु हुए इस कैफे पर तीन दिन बाद यानी 10 जुलाई को पहली बार हमला हुआ। हमलावरों ने कैफे पर 9 राउंड फायरिंग की। तब इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकवादी हरजीत लाडी ने ली थी।

इसके बाद दूसरा हमला एक महीने बाद 7 अगस्त को हुआ था। वहीं तीसरी बार फायरिंग 18 अक्टूबर को हुई थी। इस हमले के बाद लॉरेंस गैंग की तरफ से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया गया था। जिसमें लिखा था, 'वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। आज जो फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं, कुलवीर सिद्धू और गोल्डी ढिल्लों लेते हैं। हमारी आम जनता से कोई दुश्मनी नहीं है। जिनसे हमारा झगड़ा है, वो हमसे दूर रहें।'

Created On :   28 Nov 2025 2:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story