गोलीकांड केस: बिहार में अपराधी बेखौफ, चलते फिरते लोगों पर तान रहे बंदूक, अब पटना के मेडिकल अस्पताल में महिला नर्स पर चलाई गोली

- बदमाशों ने महिला नर्स को खेत में मारी गोली
- घात लगाए बैठे थे हमलावर
- जांच में जुटी पुलिस
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नूरसराय इलाके से आया है, जहां पर एक महिला सुशीला कुमारी की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह प्रदेश की राजधानी पटना मेडिकल एंड अस्पताल (PMCH) में ग्रेड ए नर्स के पद पर कार्यरत थी। जानकारी मिली है कि सुशीला का कार्यकाल केवल चार महीने का बचा हुआ था।
खेत में सुशीला को मारी गोली
ये घटना बीते शुक्रवार दोपहर करीब 11.30 बजे की बताई जा रही है। महिला अपने खेत से घर की तरफ जा रही थी। इस बीच पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी, जिसमें मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, नर्स की मौत की वजह संपत्ति से जुड़ा विवाद था।
नालंदा के डीएसपी संजय जायसवाल के मुताबिक, सुशीला का अपने परिजनों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। ऐसी आशंका है कि उसी के चलते विरोधी पक्ष ने उनकी हत्या करवाई है। पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद
बिहार में बीते कई दिनों से आपराधिक घटनाएं सामने आ रही है। महिला नर्स सुशाली कुमारी के पहले भी कुछ बिजनेसमैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसमें व्यापारी गोपाल खेमका हत्याकांड का मामला सुर्खियों में बना हुआ है। इसी तरह शुक्रवार को भी एक दुकानदार विमल झा को नजदीक से गोली मार दी गई थी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। इन वारदातों घटनाओं को लेकर बिहार की सियासत भी गरमाई हुई है। विपक्ष राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर हमलावर है।
Created On :   12 July 2025 8:50 PM IST