नजफगढ़ डबल मर्डर केस: पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की हुई पहचान, सामने आई हत्या की वजह!

पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की हुई पहचान, सामने आई हत्या की वजह!
  • गुरुवार को नजफगढ़ के सैलून में हुई थी वारदात
  • बदमाशों ने सैलून के अंदर घुसकर मारी गोलियां
  • सामने आया सीसीटीवी फुटेज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शु्क्रवार को दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में हुए डबल मर्डर केस में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। दरअसल, पुलिस ने उन बदमाशों की पहचान कर ली है जिन्होंने दिनदहाड़े सैलून में घुसकर दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इनकी पहचान सीसीटीवी की मदद से कर ली है। हालांकि अभी इनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

जानकारी के मुताबिक आरोपियों की पहचान संजीव दहिया उर्फ संजू और हर्ष उर्फ चिंटू के रुप में हुई है। पुलिस के अनुसार इन दोनों आरोपियों ने ही नजफगढ़ के इंदिरा पार्क में पीड़ित आशीष और सोनू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस समय दोनों ही पीड़ित अपने बाल कटाने के लिए सैलून गए थे। पुलिस इन दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश में लगी हुई है।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

घटना का एक कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक पीड़ित आरोपियों के सामने गिड़गिड़ाता नजर आ रहा है। इस दौरान सैलून में काम करने दो महिलाएं डरकर भागती हुई भी दिखाई दे रही हैं। बता दें कि इस सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

सामने आई हत्याकांड की वजह!

पुलिस का मानना है कि शुरूआत जांच में यह मामला दुश्मनी का लग रहा है, जो कि सोशल मीडिया पर एक अपमानजनक पोस्ट के चलते हुआ। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही असली कारण सामने आएगा। वहीं कहा जा रहा है कि दो में से एक आरोपी संजीव दिल्ली की एक अदालत में अधिवक्ता है। हालांकि इस दावे की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई।

कुछ दिनों पहले जेल से हुए थे रिहा

वहीं बताया जा रहा है कि दोनों ही आरोपी लंबे समय से एक दूसरे के दोस्त हैं। इनमें एक आरोपी हर्ष जो कि गैंगस्टर योगेश टुंडा का भाई है वो कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर निकला था। पुलिस उपायुक्त का कहना है कि क्राइम ब्रांच की टीम दोनों ही आरोपियों को पकड़ने में जुटी हुई है। उन्होंने बताया, "इस केस के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीम बनाई गई है। सभी टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही कुछ चीजें स्पष्ट हो पाएंगी।"

Created On :   10 Feb 2024 3:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story