Tsunami In Japan: जापान में सुनामी की चेतावनी जारी, जानें कब-कब सुनामी से परेशान हुआ है जापान?
- रूस में आया भारी अर्थक्वैक
- जापान और अमेरिका के साथ अन्य देशों में सुनामी वॉर्निंग सिस्टम हुआ एक्टिवेट
- जानें कब-कब जापान में आई सुनामी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जापान दुनिया के कुछ उन देशों में से एक है जहां पर बार-बार भूकंप आते हैं। साथ ही वो कई अन्य प्राकृतिक आपदाओं से परेशान रहता है। कभी तेज भूकंप आते हैं तो कभी ऊंची समुद्री लहरें देखने को मिलती हैं। वहीं, हाल ही में रूस में एक भूकंप आया है, जिसकी तीव्रता 8.8 रिक्टर नापी गई है। ये दुनिया के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक बताया जा रहा है। इस भूकंप के वजह से ही जापान और अमेरिका में सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी। जापान के उत्तर में होकाइडो और रूस के कुरील द्वीपों में बड़ी-बड़ी समुद्री लहरें देखने को मिल रही हैं। वहीं, फुकुशिमा के न्यूक्लियर प्लांट से एंप्लॉइज भी हटाए गए हैं और करीब 9 लाख से ज्यादा लोगों को तटीय इलाकों से हटाने की सलाह दी गई है। ऐसे में कई लोगों के मन में जापान की प्राकृतिक आपदाओं को लेकर सवाल हैं। तो चलिए जानते हैं कि जापान में इतनी आपदाएं क्यों आती हैं और कब-कब जापान में भूकंप आया है?
जापान में क्यों आती हैं इतनी परेशानियां?
बता दें, जापान रिंग ऑफ फायर नाम की टेक्टोनिक प्लेट्स के हिस्से पर बसा हुआ है। ये पृथ्वी की सतह पर मौजूद ऐसी प्लेट्स होती हैं, जो लगातार हिलती डुलती रहती हैं। जापान चार बड़ी टेक्टोनिक प्लेटों के मीटिंग पॉइंट पर स्थित है जो कि पैसिफिक, फिलिपीन, यूरेशियन और नॉर्थ अमेरिकन प्लेट है। जब भी ये प्लेट्स एक दूसरे से टकराती हैं तो भूकंप आता है। अगर ये समुद्र के नीचे टकराती हैं तो उससे सुनामी आती है। यही वजह है कि जापान में हर साल करीब 15 हजार से ज्यादा नॉर्मल और तेज भूकंप रिकॉर्ड होते हैं।
कब-कब जापान में आई सुनामी?
जापान में सुनामी की हिस्ट्री की बात करें तो, यहां पर कई बार विशाल सुनामियां आ चुकी हैं। सुनामी ने जापान में कई बार भारी नुकसान किया है।
साल 1896 में जापान में मीजी सानरिकु सुनामी से सबसे ज्यादा तबाही मची थी। इस सुनामी में करीब 22 हजार से भी ज्यादा लोगों की जान गई थी। सुनामी की ऊंचाई 38.2 मीटर तक दर्ज की गई थी। ये सुनामी इतनी धीरे आई कि पहले भूकंप का भी अंदाजा नहीं हुआ फिर कुछ देर में ही समुद्र की विशाल लहरें पूरे-पूरे शहरों को ही बहा ले गई थीं।
वहीं, जापान के इतिहास में सबसे खतरनाक सुनामी साल 2011 में आई थी। इस दिन 9.0 रिक्टर का भूकंप आया था। इसके बाद ही समुद्र से भारी सुनामी की लहरें उठने लगीं और शहरों को बहा ले गईं। इस सुनामी में करीब 20 हजार लोग मारे गए थे, हजारों लोग घायल हुए थे और लाखों लोग बेघर हो गए थे। वहीं, फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट भी इस सुनामी में तबाह हो गया था, जिससे रेडिएशन का खतरा भी फैल गया था।
वहीं, साल 1933 में शोवा सानरिकु सुनामी आई थी। इस सुनामी में भी जापान बहुत ही ज्यादा तबाह हुआ था। इस सुनामी में भूकंप के बाद तुरंत ही बहुत बड़ी सुनामी आई थी और करीब 3 हजार से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।
Created On :   30 July 2025 4:46 PM IST