PM Modi visit to Croatia: क्रोएशिया पहुंचे पीएम मोदी ने आतंकवाद को बताया मानवता का दुश्मन, प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच से हुई द्विपक्षीय बातचीत

क्रोएशिया पहुंचे पीएम मोदी ने आतंकवाद को बताया मानवता का दुश्मन, प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच से हुई द्विपक्षीय बातचीत
  • कनाडा से क्रोएशिया पहुंचे पीएम मोदी
  • पीएम मोदी का हुआ भव्य स्वागत
  • क्रोएशिया की यात्रा पर जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी इस समय तीन देशों की चार दिवसीय यात्रा पर हैं। वह बुधवार को कनाडा से क्रोएशिया पहुंचे, जो कि उनकी यात्रा का आखिरी पड़ाव है। राजधानी जगरेब पहुंचने पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मंत्रोच्चारण और नृत्य किया गया। इसके बाद PM मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। इसे लेकर उन्होंने ट्वीट भी किया।

पीएम ने लिखा, "क्रोएशिया के भारतीय समुदाय ने क्रोएशिया की प्रगति में योगदान दिया है और भारत में अपनी जड़ों से भी जुड़े रहे हैं। ज़ाग्रेब में, मैंने भारतीय समुदाय के कुछ सदस्यों से बातचीत की, जिन्होंने मेरा अविस्मरणीय स्वागत किया। इस यात्रा और हमारे देशों के बीच संबंधों को पहले से कहीं अधिक मजबूत बनाने में इसके प्रभाव को लेकर यहां भारतीय समुदाय में अपार उत्साह है!" बता दें कि क्रोएशिया में 17 हजार से ज्यादा भारतीय मूल के लोग रहते हैं।

कई समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच की मौजूदगी में क्रोएशिया के ज़ाग्रेब में भारत और क्रोएशिया के बीच समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इस दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी मौजूद रहे।

क्रोएशिया की यात्रा करने वाले पहले भारतीय पीएम

क्रोएशिया गणराज्य के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी क्रोएशिया की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की पहली यात्रा है, जो द्विपक्षीय संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

क्रोएशिया के प्रधानमंत्री के साथ हुई द्विपक्षीय बातचीत

पीएम ने क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच से द्विपक्षीय बातचीत की। उन्होंने आतंकवाद को मानवता का दुश्मन बताया। साथ ही इसे लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली शक्तियों का विरोधी भी बताया। इस दौरान क्रोएशियाई प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच ने कहा, "हमने भारत में हुए आतंकवादी हमले पर भी चर्चा की और दुख जताया, जिसके बाद भारत को प्रतिक्रिया देनी पड़ी, और हमने यह भी कहा कि सुरक्षा के मामले में वैश्विक स्थिति बहुत अस्थिर है इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि दुनिया भर के सबसे प्रभावशाली अभिनेता शांति के लिए अपना योगदान दें। हमने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पर भारतीय प्रधानमंत्री के संदेश को अच्छी तरह से समझा है क्योंकि यह वैश्विक स्थिरता के लिए सबसे बड़ा खतरा है।"

उन्होंने आगे कहा, "हमने अर्थव्यवस्था से लेकर रक्षा तक सभी क्षेत्रों में भविष्य में सहयोग पर भी सहमति व्यक्त की है...हम रक्षा उद्योग, परमाणु ऊर्जा, जहाज निर्माण और सूचना प्रौद्योगिकी में सहयोग को मजबूत करना चाहते हैं। चूंकि भारत आईटी क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी है।"

वहीं, भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, " हम सहमत हैं कि आतंकवाद मानवता का दुश्मन है। लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली शक्तियों का विरोधी है। 22 अप्रैल को भारत में हुए आतंकी हमले पर संवेदनाओं के लिए, हम प्रधानमंत्री और क्रोएशिया सरकार के हार्दिक आभारी हैं। ऐसे कठिन समय में हमारे मित्र देशों का साथ हमारे लिए बहुत मूल्यवान था। हम दोनों सहमत है कि आज के वैश्विक वातावरण में भारत और यूरोप की साझेदारी बहुत महत्व रखती है। EU के साथ हमारी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में क्रोएशिया का समर्थन और सहयोग बहुत ही महत्वपूर्ण है। हम दोनों इस बात का समर्थन करते हैं कि यूरोप हो या एशिया, समस्याओं का समाधान रणभूमि से नहीं निकल सकता। डायलॉग और डिप्लोमेसी ही एकमात्र रास्ता है। किसी भी देश की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता का सम्मान आवश्यक है।"

पीएम मोदी ने इससे पहले कहा, "भारत और क्रोएशिया लोकतंत्र, रूल ऑफ लॉ और समानता जैसे साझा मूल्यों से जुड़े हैं। ये सुखद सहयोग है कि पिछले वर्ष भारत के लोगों ने मुझे और क्रोएशिया के लोगों ने पीएम आंद्रेज जी को लगातार तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया है। इस जनविश्वास के साथ हमने अपने तीसरे कार्यकाल में अपने द्विपक्षीय संबंधों को तीन गुना गति देने का निर्णय लिया है।" उन्होंने अपने स्वागत प्रधानमंत्री आंद्रेज और क्रोएशिया सरकार का आभार व्यक्त किया।

Created On :   18 Jun 2025 11:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story