थाईलैंड -कंबोडिया संघर्ष विराम: युद्धविराम के बीच लैंडमाइन में धमाकेदार विस्फोट, सीमा पर गश्त कर रहे तीन थाई सैनिक घायल

- पांच दिन तक संघर्ष के बाद युद्धविराम हुआ
- लैंड माइन पर कदम रखने से एक सैनिक का पैर कट- रॉयल थाई सेना
- 24 जुलाई को दोनों देशों के बीच शुरू हुआ था सीमा संघर्ष
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। थाईलैंड कंबोडिया सीमा के पास लैंड माइन में धमाकेदार विस्फोट हुआ। सीमा पर धमाका जब हुआ है, जब दोनों देशों के बीच पांच दिनों तक चले संघर्ष बाद युद्धविराम हुआ और शांति की बात बनी। कुआलालंपुर में रक्षा अधिकारियों की हालिया बैठक गुरुवार को युद्धविराम बढ़ाने पर सहमति के साथ संपन्न हुई। दोनों पक्ष आगे की शत्रुता को रोकने के लिए दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) के पर्यवेक्षकों को विवादित सीमा क्षेत्रों का निरीक्षण करने की अनुमति देने पर भी सहमत हुए।
संघर्ष विराम के बीच सीमा के पास लैंड माइन में हुए विस्फोट में सीमा पर गश्त कर रहे तीन थाई सैनिक घायल हो गए। यह तीसरी घटना है जब सीमा पर गश्त के दौरान थाई सैनिक लैंड माइन के विस्फोट से घायल हुए हैं। एएनआई ने अलजजीरा के हवाले से बताया कि थाईलैंड और कंबोडिया दोनों ने बारूदी सुरंगों के खिलाफ ओटावा संधि पर साइन किए हैं। दोनों देशों के बीच 24 जुलाई को शुरू हुआ सीमा संघर्ष मलेशिया के हस्तक्षेप से 28 जुलाई को बंद हुआ।
रॉयल थाई सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि थाईलैंड के सिसाकेट और कंबोडिया के प्रेह विहियर प्रांतों के बीच एक इलाके में लैंड माइन पर कदम रखने से एक सैनिक का पैर कट गया। जबकि दो अन्य घायल हो गए। एक सैनिक के पैर में गंभीर चोट आई है, दूसरे की पीठ और हाथ में चोट आई है, और तीसरे के कान पर अत्यधिक दबाव पड़ने अंदरूनी चोट आई है। कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी देते हुए कहा है उन्हें विस्फोट के संबंध में कोई जानकारी नहीं।
थाईलैंड के विदेश मंत्रालय ने जानकारी देते हुए कहा कि यह घटना उसके क्षेत्र में हाल ही में लैंड माइन से मुक्त किए गए एक क्षेत्र में हुई। थाईलैंड ने घोषणा की कि वह लैंड माइन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने वाली संधि का उल्लंघन करने और थाई संप्रभुता का उल्लंघन करने के लिए कंबोडिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों को आर्थिक दबाव में लेकर चेतावनी दी तब 28 जुलाई को संघर्षविराम हुआ। अगर संघर्ष बंद नहीं हुआ, तो अमेरिका उनके साथ कोई व्यापार समझौता नहीं करेगा। संघर्षविराम के बाद एक अगस्त को अमेरिका ने इन देशों से आयात होने वाले सामान पर टैरिफ 36 फीसदी से घटाकर 19% कर दिया।।
Created On :   10 Aug 2025 3:36 PM IST