Monsoon 2026: मॉनसून पर मंडरा रहा अल नीनो का साया, इस साल सामान्य से कम होगी बारिश! बढ़ेगी किसानों की टेंशन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सामान्य से कमजोर रहने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, इस बार मानसून सीजन में बारिश सामान्य से लगभग 6 फीसदी कम हो सकती है। मानसून सीजन 2026 यानि जून से लेकर सितंबर महीने तक कुल 94 फीसदी बारिश होगी।
स्काईमेट ने बताया कि चार महीनों में सामान्य औसत (LPA) 868.6 मिलीमीटर होता है। इस बार इसके 817 रहने की संभावना है। बता दें कि एलपीए यानि लॉन्ग पीरियड एवरेज, जिसका मतलब किसी एक स्थान की करीब 3 दशक की औसत बारिश। यह एक मानक होती है जिसके आधार पर यह निर्धारित किया जाता है कि मॉनसून सामान्य है, अच्छा है या फिर कमजोर है।
यह भी पढ़े -देशभर में बारिश का अलर्ट जारी, यूपी-बिहार के साथ 22 राज्यों में हो सकती है तेज बारिश, जानें आज का मौसम अपडेट
ऐसी रहेगी बारिश की स्थिति
स्काईमेट के मुताबिक, इस बार देश के मध्य और पश्चिमी क्षेत्रों में कम बारिश हो सकती है। अगस्त और सितंबर माह में पंजाब और हरियाणा के साथ राजस्थान में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में देश के बाकी हिस्सों की तुलना में अच्छी बारिश हो सकती है।
कम बारिश होने की वजह से उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के कुछ इलाकों में सूखे का खतरा बढ़ सकता है। जुलाई-अगस्त में खरीफ की फसल - धान, मक्का और सोयाबीन पर बुरा असर पड़ सकता है। खेती-किसानी के कामों के लिए पानी की कमी हो सकती है। भारत की अर्थव्यवस्था काफी हद तक कृषि पर निर्भर होती है। ऐसे में मॉनसूनी बारिश न होने से कृषि उत्पादन बुरी तरह प्रभावित होगी, जिसका असर अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। वहीं, दक्षिण और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में स्थिति अच्छी रहने के आसार हैं।
हालांकि अभी मॉनसून पूर्वानुमान को लेकर आईएमडी यानि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट आनी बाकी है। इसके बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।
क्या होता है अल नीनो?
यह दुनिया के सबसे बड़े महासागर प्रशांत के गर्म होने की स्थिति है। इससे मॉनसूनी हवाएं कमजोर हो जाती हैं और देश में बारिश कम होती है। पिछली बार इसके उलट ला नीना यानि ठंडा होने की स्थिति थी, जिसकी वजह से मानसून सामान्य से अच्छा आया था। स्काईमेट की वेदर रिपोर्ट में बताया गया है कि अब ला नीना समाप्ति की ओर है और अल नीनो बनने की संभावना बढ़ रही हैं।
Created On :   8 April 2026 5:58 PM IST













