Himachal Pradesh Flood: हिमाचल प्रदेश में आसमान से बरसी आफत, बाढ़ में बहे मजदूर, दो की मौत, जेपी नड्डा ने जताया दुख

हिमाचल प्रदेश में आसमान से बरसी आफत, बाढ़ में बहे मजदूर, दो की मौत, जेपी नड्डा ने जताया दुख
  • हिमाचल प्रदेश में फटे बादल
  • पॉवर प्रोजेक्ट में काम कर रहे मजदूर बहे
  • रेस्क्यू में जुटी प्रशासन की टीम

डिजिटल डेस्क, शिमला। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में बुधवार को बादल फटने की वजह से कुल्लू और कांगड़ा जिले में भारी तबाही हुई। इसके अलावा धर्मशाला के खनियारा में स्थित इंदिरा प्रियदर्शनी हाइड्रल प्रोजेक्ट सोकणी दा कोट के पास बादल फट गया। जिसके चलते वहां काम कर रहे करीब 20 मजदूर पानी की तेज धारा में बह गए। कांगडा के डीसी हेमराज हेमराज बैरवा ने कहा कि दो शव बरामद कर लिए गए हैं। सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "2 शव बरामद कर लिए गए हैं। SDRF, पुलिस, SDM और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर हैं। हम लापता लोगों की संख्या का पता लगाने के लिए लोगों की गिनती कर रहे हैं। उसके बाद ही कहा जा सकता है कि कितने लोग घटना का शिकार हुए हैं। स्थिति उतनी गंभीर नहीं है, जितनी बताई जा रही है। मनुनी खड्ड के पास एक छोटी पनबिजली परियोजना है। इसके पास कुछ मजदूर रहते थे। यह कई धाराओं का संगम स्थल है। भारी बारिश के कारण जलस्तर बढ़ गया, जिससे कुछ लोग बह ग। हम अभी तक लोगों की संख्या का पता नहीं लगा सकते। दो मृतकों की पहचान की जा रही है। लापता लोगों की आधिकारिक संख्या जल्द ही सामने आएगी।"

इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से राहत और बचाव कार्यों के लिए पूरा सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला के पास खनियारा की मणुणी खड्ड में अचानक पानी का बहाव बढ़ने से कई श्रमिकों के बहने का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। संकट की इस घड़ी में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देवभूमि के नागरिकों की हरसंभव सहायता के लिए समर्पित है।'

कुल्लू जिले में तीन जगह फटे बादल

इससे पहले राज्य के कुल्लू जिले में भी तीन जगहों पर बादल फट गए। बाढ़ में बाप-बेटी समेत तीन लोग बह गए। इस भयंकर बाढ़ में कई वाहन भी बह गए और मकान क्षतिग्रस्त हो गए। जिले की सैंज घाटी में बादल फटने के बाद मंडी जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया। इसके साथ ही चेतावनी भी जारी की है कि ब्यास नदी में पानी छोड़ा जा सकता है इसलिए स्थानीय नागरिक और पर्यटक किनारों से दूर रहें।

Created On :   26 Jun 2025 12:12 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story