Jagannath Rath Yatra 2025: भगवान जगन्नाथ की यात्रा शुरू होने पर राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, कहा- 'महाप्रभु हमारे लिए अराध्य भी हैं और प्रेरणा भी'

- जगन्नाथ यात्रा शुरू होने पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
- जगन्नाथ यात्रा के निकलने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं
- केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भी दी शुभकामनाएं
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा की शुरुआत को लेकर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि, पवित्र रथ यात्रा के अवसर पर मैं भारत और विदेशों में रहने वाले भगवान जगन्नाथ के भक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। रथ पर भगवान बलभद्र, भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और चक्रराज सुदर्शन के दर्शन करते हुए लाखों भक्तों को दिव्य आनंद मिलेगा।
राष्ट्रपति मुर्मू ने क्या कहा?
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि, 'पवित्र रथयात्रा के अवसर पर मैं देश-विदेश में रह रहे महाप्रभु जगन्नाथ के भक्तों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। रथ पर विराजमान बड़े ठाकुर बलभद्र, महाप्रभु जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और चक्रराज सुदर्शन के दर्शन करके लाखों भक्त दिव्य अनुभूति प्राप्त करते हैं। इन ईश्वरीय स्वरूपों की मानवीय लीला ही रथयात्रा की विशेषता है। इस पुण्य अवसर पर महाप्रभु जगन्नाथ से मेरी यह प्रार्थना है कि पूरे विश्व में शांति, मैत्री और स्नेह का वातावरण रहे।'
पीएम मोदी ने दी लोगों को शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अकाउंट पर वीडियो शेयर किया है। उस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा है कि, 'भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के पवित्र अवसर पर सभी देशवासियों को मेरी ढेरों शुभकामनाएं। श्रद्धा और भक्ति का यह पावन उत्सव हर किसी के जीवन में सुख, समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए, यही कामना है। जय जगन्नाथ!'
अमित शाह मंगला आरती में हुए शामिल
केंद्रीय मंत्री अमित शाह मंगला आरती में शामिल हुए हैं। उन्होंने लोगों को शुभकामनाएं भी दी हैं। अमित शाह ने कहा कि, 'रथयात्रा के पावन अवसर पर जगन्नाथ मंदिर, अहमदाबाद की मंगला आरती में शामिल होना अपने आप में दिव्य और अलौकिक अनुभव होता है। आज महाप्रभु की मंगला आरती में शामिल होकर दर्शन-पूजन किया। महाप्रभु सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें।'
Created On :   27 Jun 2025 1:09 PM IST