Karnataka Crime: दूसरी जाति में शादी की जिद से नाराज मां ने बेटे की ली जान, CCTV से खुले राज

दूसरी जाति में शादी की जिद से नाराज मां ने बेटे की ली जान, CCTV से खुले राज
कर्नाटक में दूसरी जाति की महिला से शादी करने की बात पर मां-बेटे में झगड़ा हुआ। बेटे की हत्या के आरोप में मां को गिरफ्तार कर लिया गया है।

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक में एक मां पर अपने ही बेटे की हत्या का आरोप लगा है। बेटा दूसरी जाति की महिला से शादी करना चाहता था लेकिन मां को यह रिश्ता पसंद नहीं था। इसी बात पर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस के मुताबिक, एक रात विवाद के बाद बेटा घर के बरामदे में सो गया। तभी मां ने उस पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। अगली सुबह बेटे की मौत हो गई। मां ने लोगों के सामने रोते हुए कहा कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसके बेटे को मार दिया है। लेकिन पुलिस की जांच में उसकी बातों पर शक हुआ और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

शादी की बात पर मां-बेटे में होता था झगड़ा

यह मामला कर्नाटक के तुमकुरु जिले के जक्केनहल्ली गांव का बताया जा रहा है। पुलिस ने 55 साल की शिवम्मा को उसके 35 साल के बेटे मुथुराज की हत्या के आरोप में पकड़ा है। मुथुराज बेंगलुरु की एक फैक्ट्री में काम करता था। वह हर सप्ताहांत अपने गांव आता था। पुलिस के अनुसार, मुथुराज एक दूसरी जाति की महिला से प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। उसकी मां इस रिश्ते के खिलाफ थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार बहस हुई। हत्या से एक रात पहले भी मां-बेटे के बीच झगड़ा हुआ था।

रात में सोते समय बेटे पर किया हमला

पुलिस को शक है कि झगड़े के बाद जब मुथुराज घर के बरामदे में सो रहा था तब शिवम्मा ने लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर कई वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। अगली सुबह शिवम्मा ने परिवार के लोगों को बताया कि कुछ अनजान लोगों ने उसके बेटे की हत्या कर दी है। वह रोने लगी और हमलावरों को बुरा-भला कहने लगी।

CCTV फुटेज से सामने आया सच

शिवम्मा की बात सुनने के बाद भी पुलिस ने जांच बंद नहीं की। घर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई। इसके साथ ही मौके से मिले सबूतों की भी जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस को शिवम्मा की बताई बातों पर शक होने लगा। पुलिस ने घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं और उसके खिलाफ सबूत जुटाए। इसके बाद उसे बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

Created On :  

Tags

Next Story