Air India: मुंबई जाने वाली फ्लाइट में हाईजैक की धमकी! टॉयलेट के शीशे पर लिखा मैसेज, कोलकाता एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप

मुंबई जाने वाली फ्लाइट में हाईजैक की धमकी! टॉयलेट के शीशे पर लिखा मैसेज, कोलकाता एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
कोलकाता एयरपोर्ट पर मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिली है। टॉयलेट के शीशे पर संदेश मिलने के बाद विमान की तलाशी शुरू हुई।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कोलकाता एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई। मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट में हाईजैक करने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। यह बात तब पता चली जब विमान के टॉयलेट में लगे शीशे पर धमकी भरा मैसेज लिखा मिला। इसे देखते ही पायलट ने बिना देर किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को जानकारी दी। इसके बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विमान को उड़ान भरने से रोककर एक अलग जगह खड़ा किया गया। CISF और दूसरी सुरक्षा टीमों ने तुरंत जांच शुरू कर दी। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर यह संदेश किसने लिखा और इसके पीछे क्या वजह है।

टॉयलेट के शीशे पर मिला धमकी भरा मैसेज

दरअसल, एयर इंडिया का विमान मुंबई जाने के लिए तैयार था। इसी दौरान विमान के टॉयलेट में शीशे पर हाईजैक से जुड़ा एक संदेश दिखाई दिया। मैसेज देखते ही पायलट ने ATC को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट पर तुरंत सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

विमान को अलग खड़ा कर शुरू हुई जांच

धमकी की खबर मिलते ही विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद CISF और एयरपोर्ट की सुरक्षा टीमों ने पूरे विमान की जांच शुरू की। सीटों से लेकर टॉयलेट तक हर जगह को ध्यान से देखा जा रहा है। सुरक्षा अधिकारी यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि विमान के अंदर कोई खतरनाक या संदिग्ध चीज तो नहीं रखी गई है।

यात्रियों और CCTV फुटेज की हो रही जांच

आपको बता दें कि, सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि शीशे पर धमकी किसने लिखी थी। इसके लिए विमान में सफर करने वाले सभी यात्रियों की जानकारी देखी जा रही है। साथ ही एयरपोर्ट और विमान के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

Created On :  

Tags

Next Story