Monsoon Session: '22 मिनट में आतंकी ठिकाने तबाह हुए', मानसून सत्र से पहले बोले PM मोदी

- संसद का मानसून सत्र शुरू
- पीएम मोदी ने दिया भाषण
- पहलगाम हमले-ऑपरेशन सिंदूर का किया जिक्र
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र आज यानि सोमवार (21 जुलाई) से शुरू हो रहा है। सेशन की शुरुआत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम हमले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, यह मानसून सत्र एक विजयोत्सव है। पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य शक्ति का रूप देखा है। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना द्वारा निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त किया गया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकवादियों के आकाओं के घरों को 22 मिनट के भीतर जमींदोज कर दिया गया। मेड इन इंडिया सैन्य शक्ति के इस नए स्वरूप की ओर दुनिया काफी आकर्षित हुई है।
पहलगाम आतंकी हमले का
पीएम ने अपने भाषण में पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुए क्रूर अत्याचार और नरसंहार ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। दलगत स्वार्थों को दरकिनार करते हुए, देशहित में, हमारी अधिकांश पार्टियों के प्रतिनिधियों ने दुनिया के कई देशों में जाकर एक स्वर में, दुनिया के सामने पाकिस्तान को बेनकाब करने का एक बेहद सफल अभियान चलाया। मैं उन सभी सांसदों, सभी दलों की सराहना करना चाहता हूं, जिन्होंने राष्ट्रहित में इस महत्वपूर्ण कार्य को अंजाम दिया है और इससे देश में एक सकारात्मक माहौल बना है।
माओवाद पर बोले पीएम
पीएम ने कहा, दशक हम एक प्रकार से देख सकते हैं कि शांति और प्रगति कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ते गए। कदम-कदम पर प्रगति का एहसास हम करते रहे हैं। देश कई प्रकार की हिंसक वारदातों का शिकार रहा है। देश आजाद हुआ हम तब से इस समस्या को झेल रहे हैं। आज नक्सलवाद का दायरा बहुत सिकुड़ रहा है। माओवाद को जड़ से उखाड़ने के संकल्प के साथ देश के सुरक्षाबल नए आत्मविश्वास से तेज गति से सफलता की ओर कदम रख रहे हैं। मैं गर्व से कह सकता हूं कि देश में सैकड़ों जिले नक्सल की चपेट से निकल कर आज मुक्ति की सांस ले रहे हैं। हमें गर्व है कि बम, बंदूक और पिस्तौल के सामने हमारे देश का संविधान जीत रहा है।
पीएम ने कहा कि मानसून नवीनता और नवसृजन का प्रतीक है। अब तक की खबरों के मुताबिक देश में मौसम बहुत ही अच्छे ढंग से आगे बढ़ रहा है। कृषि को लाभदायक मौसम की खबरें हैं। बारिश किसानों की अर्थव्यवस्था, देश की अर्थव्यवस्था, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और हर परिवार की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण होता है। पिछले 10 सालों में इस बार 3 गुना पानी का भंडार हुआ है। जिसका आने वाले दिनों में भी देश के अर्थतंत्र को बहुत लाभ होगा।
' यह गौरवपूर्ण सत्र है'
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह मानसून सत्र राष्ट्र के लिए बहुत ही गौरवपूर्ण सत्र है। ये मानसून राष्ट्र के लिए विजयोत्सव का रूप है। पहली बार अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत का तिरंगा का लहराना हर देशवासी के लिए गौरव का पल है। देश में विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवाचार के प्रति नया उमंग और उत्साह भरने वाली यात्रा रही है। पूरे संसद, दोनों सदन और देशवासी जिस गौरव का अनुभव कर रहे हैं उसमें एक स्वर से जुड़ेंगे और इसका यशगान होगा।
Created On :   21 July 2025 10:50 AM IST