SC ने लगाई राहुल गांधी को फटकार: 'कोई भारतीय ऐसा बयान नहीं देगा', कांग्रेस सांसद के बयान पर भड़की अदालत, जानें भारतीय सेना के अपमान से जुड़ा क्या है मामला?

- राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट की फटकार
- भारतीय सेना का अपमान करने पर भड़की अदालत
- कांग्रेस सांसद से कहा- आप संसद में क्यों नहीं बोलते?
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार (4 अगस्त) को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को जोरदार फटकार लगाई है। अदालत ने सांसद से कहा, आपको कैसे पता चला कि चीन ने 2 हजार किलोमीटर तक भारत की सीमा पर कब्जा कर लिया है? इस तरह का बयान सच्चा भारतीय नहीं देगा। कोर्ट ने सवाल किया कि अगर आपको (राहुल गांधी) कुछ कहना है तो संसद में क्यों नहीं कहते हैं? फटकार लगाने के साथ SC ने सांसद को थोड़ी राहत भी दी है। कोर्ट ने इस मामले में निचली अदालत में आगे की कार्यवाही पर रोक लगा दी। आपको बता दें, यह पूरा मामला कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के वक्त का है जब राहुल गांधी ने भारतीय सेना के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार
इस मामले की सुनवाई जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस ऑगस्टिन जॉर्ज मसीह की पीठ ने की। बेंच ने राहुल गांधी को फटकार लगाते हुए कहा कि आपको कैसे पता चला कि चीन ने 2000 वर्ग किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया है? विश्वसनीय जानकारी क्या है? अगर आप सच्चे भारतीय होते, तो ऐसा नहीं कहते। जब सीमा पार कोई विवाद होता है। तो क्या आप ये सब कह सकते हैं? आप संसद में सवाल क्यों नहीं पूछ सकते?
राहुल पर मानहानि का मुकदमा
भारतीय सेना का अपमान करने के लिए राहुल गांधी पर मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया गया था। इसके खिलाफ सांसद ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। इसी मामले को लेकर उच्चतम न्यायालय ने राहुल गांधी को फटकार लगाई है। लेकिन अब सवाल यह है कि आखिर राहुल गांधी ने सेना को लेकर ऐसा क्या कह दिया था? उन्होंने 16 दिसंबर 2022 को कहा था, 'लोग भारत जोड़ो यात्रा, अशोक गहलोत, सचिन पायलट आदि के बारे में पूछेंगे लेकिन चीन ने भारतीय जवानों को पीटा। भारत की 2,000 वर्ग किलोमीटर जमीन कब्जा लिया पर प्रेस इसके बारे में एक भी सवाल नहीं करत।' राहुल गांधी ने यह बयान तब दिया जब 'भारत जोड़ो यात्रा' लखनऊ में थी।
Created On :   4 Aug 2025 2:08 PM IST