विधानसभा चुनाव 2023: मप्र के दिमनी में पोलिंग बूथ पर दो पक्षों में चली गोलियां, दो घायल

मप्र के दिमनी में पोलिंग बूथ पर दो पक्षों में चली गोलियां, दो घायल
हवाई फायर के बाद भगदड़ मच गई

डिजिटल डेस्क, दिमनी। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव शुक्रवार सुबह शुरू हो गए, यहां सभी 230 विधानसभासीटों पर मतदान हो रहा है। इसी के साथ हिंसा की खबरें भी सामने आना शुरू हो गई हैं। राज्य की हाई प्रोफाइल सीट दिमनी विधानसभा में पोलिंग बूथ पर दो पक्षों में विवाद की खबर है। सूत्रों के अनुसार, यहां दो पक्षों के बीच जमकर झड़प हुई।जिसके बाद यहां गोलियां तक चल गईं।

बताया जा रहा है कि, दो पक्षों के बीच हुई झड़प में हवाई फायर किए गए, जिससे यहां भगदड़ मच गई। इससे दो लोगों के घायल होने की खबर है। फिलहाल, स्थिति अभी नियंत्रण में है और इस फायरिंग में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।

कहां हुई घटना

जानकारी के अनुसार पोलिंग बूथ पर गोलीबारी की यह घटना, दिमनी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र 148 पर हुई। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने दोनों पक्षों को खदेड़ दिया। हालांकि, पुलिस ने इस घटना की पुष्टि नहीं की है।

आपको बता दें कि, मुरैना जिले की दिमनी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर खड़े हैं। ऐसे में यह सीट हाई प्रोफाइल बनी हुई है, जहां कांग्रेस ने उन्हें टक्कर देने के लिए विधायक रविंद्र तोमर को खड़ा किया था। लेकिन पूर्व विधायक बलवीर दंडोतिया बसपा से टिकट लेकर आ गए, ऐसे में अब दिमनी में त्रिकोणीय मुकाबला है।

Created On :   17 Nov 2023 4:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story