बिहार इलेक्शन 2025: विपक्ष के 'वोट चोरी' के आरोपों पर नित्यानंद राय का जोरदार पलटवार, कहा - 'वे हार के डर की हताशा में..'

- राहुल गांधी और तेजस्वी यादव एनडीए पर लगा रहे 'वोट चोरी' के आरोप
- केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने दी तीखी प्रतिक्रिया
- झूठी बात बोलकर बिहार की जनता को अपमानित करने का लगाया आरोप
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीनों का समय बाकी है। इस सियासी रण से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष कई मुद्दों को लेकर एक दूसरे पर जमकर जुबानी हमले कर रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और बिहार में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के 'वोट चोरी' के आरोपों पर जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता बिहार की जनभावना के साथ खिलवाड़ करने का काम कर रहे हैं और लोगों को गुमराह करने की साजिश रच रहे हैं।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि अगर इन दोनों नेताओं में हिम्मत है तो हकीकत को बयां करें। विपक्ष के लोग हार के डर की हताशा में झूठे आरोप लगा रहे हैं और लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन, बिहार की जनता भली-भांति इन दोनों को पहचानती और जानती है। इन दोनों लोगों ने अपने शासनकाल में बिहार के लोगों को जंगलराज, गुंडाराज और कुशासन देने का काम किया है, जिसको बिहार की जनता भूली नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि एक बार फिर से बिहार के लोगों ने इन दोनों नेताओं को सबक सिखाने का मन बना लिया है। इसी हताशा में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार के लोगों को अपमानित करने का काम कर रहे हैं।
नित्यानंद राय ने दोनों नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो वह अपने शासनकाल की उपलब्धियों की बात करें। बिहार के लोगों को बताएं कि जब यूपीए की सरकार केंद्र में थी तो राज्य के लोगों को क्या मिला ? तेजस्वी यादव बिहार के लोगों को बताएं कि जब उनकी सरकार 1990 से 2005 में थी तो बिहार के लोगों के लिए क्या किया?
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए इन दोनों नेताओं और कांग्रेस-राजद दोनों पार्टियों का क्या योगदान है, इसके बारे में 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान क्यों नहीं बता रहे? कांग्रेस और राजद को 'विकास विरोधी पार्टी' बताते हुए उन्होंने कहा कि आज जब बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है तो बिहार को पीछे धकेलने की सुनियोजित साजिश यह दोनों नेता कर रहे हैं।
Created On :   25 Aug 2025 1:59 AM IST