Bihar Assembly Elections: 'जनता का कर्ज सूद समेत लौटाऊंगा', गोपालगंज में बोले तेजस्वी यादव, बेरोजगारी को बताया बिहार की सबसे बड़ी समस्या

- बिहार विधानसभा चुनाव में कुछ दिन का समय बाकी
- प्रचार में जुटे सभी दलों के नेता
- गोपालगंज में हुए बहन सम्मान कार्यक्रम में शामिल हुए तेजस्वी
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में अब कुछ दिनों का समय बाकी है। इस सियासी रण को जीतने के लिए सभी दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव रविवार को गोपालगंज पहुंचे। यहां के बैकुंठपुर प्रखंड के महारानी गांव में उनका भव्य स्वागत किया गया। बहन सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे आरजेडी नेता को सैकड़ों महिलाओं ने राखी बांधकर आशीर्वाद दिया।
जनता का कर्ज सूद समेत लौटाऊंगा
इस अवसर पर तेजस्वी यादव ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "यह बहनों का प्यार और आशीर्वाद ही है, जो मुझे जनता की सेवा करने की ताकत देता है। जनता का कर्ज सूद समेत लौटाऊंगा।"
इस कार्यक्रम के बाद तेजस्वी ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने स्थानीय भोजपुरी भाषा में भाषण देते हुए अपनी पिछली सरकार के 17 महीनों के कार्यकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस दौरान हमने पांच लाख युवाओं को रोजगार देने का काम किया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "महंगाई दिन-ब-दिन बढ़ रही है। गरीब की थाली से दाल और सब्जी गायब हो गई है, लेकिन सरकार को कोई चिंता नहीं। आज आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है।"
बेरोजगारी बिहार की सबसे बड़ी समस्या
आरजेडी नेता ने बेरोजगारी को बिहार की सबसे बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि अगर जनता उन्हें एक बार फिर मौका देती है तो वे बिहार को रोजगार और न्याय के रास्ते पर आगे ले जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि अफसरों की अफसरशाही और दफ्तरों की भ्रष्ट-शाही से पूरा बिहार परेशान है। भाजपा-नीतीश सरकार में हर सरकारी काम के लिए रिश्वत देना अनिवार्य हो गया है, लेकिन अब यह नीति अब नहीं चलेगी। बिहार की जनता अब अपनी सरकार बनाएगी।
महिला सुरक्षा और सम्मान हमारी प्राथमिकता
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की बच्चियां भी जानती हैं कि भाजपा और नीतीश सरकार उन्हें सुरक्षा और अच्छी शिक्षा व्यवस्था देने के काबिल नहीं है। अब उनसे कुछ भी उम्मीद रखना बेकार है। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में हमारी सरकार बनने के बाद महिला सुरक्षा और सम्मान हमारी प्राथमिकता होगी। हम बिहार के हर वर्ग को साथ लेकर चलेंगे और विकास की नई गाथा लिखेंगे।
Created On :   3 Aug 2025 10:39 PM IST