बिहार विधानसभा चुनाव 2025: 'NDA गठबंधन को मजबूती देने के लिए चुनाव', आरा में आयोजित नव संकल्प महासभा में चिराग पासवान का बड़ा ऐलान

- चिराग पासवान ने आरा में नव संकल्प महासभा
- विधानसभा चुनाव में एनडीए को जीत दिलाने को बताया अपना टारगेट
- कांग्रेस और आरजेडी पर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही सियासी हलचल बढ़ गई है। सभी दल इस सियासी रण को जीतने के लिए तैयारियों में जुट गए हैं। इसी क्रम में एलजेपी (रामविलास) के नेता और केंद्र में मंत्री चिराग पासवान ने बिहार के आरा में रविवार को नव संकल्प महासभा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरा टारगेट बिहार में एनडीए को जीत दिलाना है। उन्होंने कहा, "मैं NDA गठबंधन को मजबूती देने के लिए बिहार की 243 सीटों पर चिराग पासवान बनकर चुनाव लडूंगा। मेरा लक्ष्य है कि हम NDA की जीत के लिए अग्रसर हों।"
'जंगलराज के लिए कांग्रेस भी जिम्मेदार'
सभा को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा, "जिस 'जंगल राज' की हम बात करते हैं..उसके लिए सिर्फ RJD ही नहीं, बल्कि कांग्रेस भी बराबर की जिम्मेदार है। यह हमारी सरकार है जिसने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया।"
इससे पहले राहुल गांधी के बिहार चुनाव फिक्स वाले दावे पर भी चिराग ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कांग्रेस सांसद पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर ली है। जिस तरह से ये लोग महाराष्ट्र में बुरी तरह हारे आगे बिहार और फिर बंगाल व असम में भी हारेंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं की यह समस्या है कि जब आत्ममंथन की जरुरत होती है तब यह लोग बहाने ढूंढते हैं।
'अपनी पार्टी में गलतियां निकालें राहुल'
उन्होंने आगे कहा, क्या वह व्यवस्था ठीक थी जब एक हस्ताक्षर से चुनाव आयुक्त की नियुक्ति हो जाती थी?... एक ऐसी व्यवस्था पर इनका प्रश्नचिन्ह है जहां पर एक समिति के द्वारा चुनाव आयुक्त को चुना जा रहा है... हकीकत तो यह है कि यदि उन्हें(राहुल गांधी) किसी एक संस्थान में गलतियां निकालनी हैं तो वह कोई संवैधानिक संस्थान नहीं है बल्कि उनकी अपनी पार्टी कांग्रेस है। उनका कभी चुनाव आयोग पर ठीकड़ा फोड़ना कभी, किसी फिक्सिंग का आरोप लगाना या कभी EVM खराब है ये कहना, यह दिखाता है कि इन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में भी हार मान ली है।
Created On :   8 Jun 2025 5:30 PM IST















