BMC Mayor: 'परंपरा है कि जिस पार्टी के पार्षद ज्यादा...' बीएमसी मेयर को लेकर अजित पवार गुट ने तोड़ी चुप्पी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में बीएमसी मेयर को लेकर सियासत गरमाई हुई है। इस मामले में अब अजित पवार गुट का बड़ा बयान सामने आया है। उसने बताया कि अभी तक बीएमसी के मेयर पद को लेकर बीजेपी और शिवसेना (शिंदे गुट) में खींचतान होते हुए नजर आ रही है। यह बयान अजित पवार गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता बृजमोहन श्रीवास्तव ने दिया है। बता दें कि बीएमसी चुनाव बीजेपी और शिवसेना शिंदे गुट ने मिलकर लड़ा था।
यह भी पढ़े -उद्धव ठाकरे पर शिवसेना नेता संजय निरुपम का निशाना- मुंबई के जनादेश का अपमान किया तो लोग छोड़ेंगे नहीं
अजित गुट ने महायुति के मेयर को लेकर क्या बोला?
बृजमोहन श्रीवास्तव ने बताया, "बीएमसी में महायुति का मेयर होगा। अब मूल मुद्दा ये आता है कि महायुति में कौन। जो परंपरा है कि जिस पार्टी के पार्षद ज्यादा होते हैं उनकी सहमति से ही फैसला होता है। बीएमसी में भारतीय जनता पार्टी के ज्यादा नगरसेवक जीते हैं। वहां शिवसेना के नगरसेवक कम संख्या में हैं। निश्चित रूप से वहां जो राजनीतिक निर्णय होगा वो भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व लेगा। अगर वो ये तय करते हैं कि भारतीय जनता पार्टी का मेयर हो तो निश्चित रूप से सारे लोगों को उसे स्वीकार करना पड़ेगा।"
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र निकाय चुनाव में विपक्ष की करारी हार पर शरद गुट ने दिया बड़ा बयान, कहा- 'इस वजह से सत्तारूढ़ दल करते हैं जीत हासिल'
बीजेपी का मेयर बनने का किया दावा
अजित गुट के प्रवक्ता का कहना है, "यदि भारतीय जनता पार्टी ही ये फैसला ले ले कि वहां शिवसेना के किसी नगरसेवक को मेयर बनाना है तो वो बनेगा। लेकिन मुझे राजनीतिक हालात देखते हुए ऐसा लगता है कि वहां इस बार मेयर भारतीय जनता पार्टी का ही बनेगा। क्योंकि एक लंबे समय से वहां भारतीय जनता पार्टी और उनके कार्यकर्ता इसके लिए संघर्ष करते रहे हैं और उनको इस बार ये मौका मिला है तो शायद इस मौके को अपने हाथ से न जाने दें।"
दरअसल, महायुति के पास बहुमत से ज्यादा मत है। बीजेपी को 89 और शिवसेना (शिंदे गुट) को 29 सीटों पर जीत हासिल हुई है। यहां पर नगर सरकार बनाने के लिए 114 का आंकड़ा है, लेकिन महायुति के पास कुल 118 पार्षदों का समर्थन है। इस चुनाव में अजित गुट ने अलग चुनाव लड़ा था।
Created On :   21 Jan 2026 11:43 PM IST













