बृजभूषण शरण सिंह का दिखा अलग रूप, शायराना अंदाज से रैली में बांधा समां, फिर कांग्रेस को सुनाई खूब खरी खोटी

बृजभूषण शरण सिंह का दिखा अलग रूप, शायराना अंदाज से रैली में बांधा समां, फिर कांग्रेस को सुनाई खूब खरी खोटी
  • महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के लगाए हैं गंभीर आरोप
  • सिंह ने गोंडा में एक रैली को किया संबोधित
  • कांग्रेस पर जमकर किया 'प्रहार'

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों द्वारा, लगाए गए यौन उत्पीड़न की वजह से इन दिनों वो काफी सुर्खियों में हैं। सिंह ने आज (11 जून) यूपी के गोंडा जिले में एक विशाल रैली को संबोधित किया। जहां पर उन्होंने खुलकर कुछ तो नहीं कहा लेकिन शायराना अंदाज में बहुत कुछ कहते हुए दिखाई दिए। इसके अलावा सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर जबरदस्त हमला बोला, जो काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।

बृजभूषण शरण सिंह के इस रैली को शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। शायराना अंदाज में रैली को संबोधित करते हुए बृजभूषण सिंह ने कहा, "कभी इश्क, कभी गम तो कभी जहर पिया जाता है। तब जाकर जमाने में जिया जाता है, ये मिला मुझको मोहब्बत का सिला, बेवफा कहकर मुझको याद किया जाता है। इसको रुसवाई कहें या शोहरत अपनी, दबे होठों से मेरा नाम लिया जाता है।"

कांग्रेस पर जमकर बरसे बृजभूषण शरण सिंह

शायरना अंदाज के बाद बृजभूषण शरण सिंह को काफी आक्रामक देखा गया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, हम अगर समीक्षा करने बैठे तो कांग्रेस की सरकार में क्या पाया क्या खोया हमें वो स्पष्ट दिखाई देता है। जब भारत का बंटवारा हुआ था तो उस समय हमें बहुत बड़ा घाव मिला था। सिंह ने आगे कहा कि, हम अभी बंटवारे से उभर ही रहे थे कि पाकिस्तान ने हम पर हमला कर दिया। कांग्रेस की सरकार पर आरोप लगाते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि, पाकिस्तान ने भारत की 78 हजार वर्ग किमी. जमीन पर अवैधा कब्जा किया हुआ है, उस समय 'नेहरु' जी पीएम थे।

1962-71 के युद्ध का किया जिक्र

बृजभूषण शरण सिंह यहीं नहीं रुके उन्होंने साल 1962-71 में भारत से चीन और पाकिस्तान युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि, चीन ने 62 में भारत पर हमला करते हुए 33 हजार वर्ग किमी. जमीन हमसे छीन ली। 71 में भारतीय जांबाजों ने पाक की सेना को बंदी बनाया। लेकिन फिर भी हमारा देश मजबूत होता तो पाक से जमीन वापस ले लिया रहता। बृजभूषण शरण सिंह ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कहा कि, देश में साल 1975 में आपातकाल लगाए गए। जिसने लोकतंत्र को खत्म करने का काम किया था। साथ ही कांग्रेस की शासन में ही निर्दोष सिक्खों पर गोलियां चलाई गई थी।

कांग्रेस की नीयत में खोट- सिंह

गोंडा में आयोजित रैली में, बृजभूषण शरण सिंह राम जन्म भूमि का मुद्दा उठाते हुए कहा कि, कांग्रेस ने राम मंदिर न बनने के लिए सुप्रीम कोर्ट में वकीलों की फौज खड़ी कर दी थी। लेकिन उसकी एक न चली। आतंकियों की फांसी न हो इसके लिए आधी रात को कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सिंह ने आगे कहा कि, उरी और बालाकोट में भारतीय सेना द्वारा की गई कार्रवाई पर उसने सबूत मांगे, यहां तक की कांग्रेस ने कोविड की वैक्सीन पर भी लोगों को भ्रमित करने का काम किया। जो उसकी नीयत की खोट को दर्शाता है।

Created On :   11 Jun 2023 9:57 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story