Bank Dhokhadhadi Case: ED की आप नेता दीपक सिंगला के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, आतिशी, सिसोदिया और भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर लगाए आरोप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय ने कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला के आवास पर छापा मारा। ED ने सोमवार सुबह को आप नेता सिंगला के दिल्ली और गोवा समेत कई स्थानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई की। ईडी कार्रवाई को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने ईडी की कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा ED CBI और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं को अपने पर्सनल गुंडों की तरह इस्तेमाल करके मोदी विपक्ष के नेताओं को चुनाव जीतने से रोक सकते हैं..लेकिन देश की अर्थव्यव्स्था को, रुपए की गिरती इज्जत को नहीं संभाल सकते।
आप ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों ईडी, सीबीआई और अन्य के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। आप नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि जिस प्रकार केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में ईडी और सीबीआई को “हथियार” बनाया, उसी तरह अब पंजाब और गोवा में भी किया जा रहा है।
यह भी पढ़े -दिल्ली शराब नीति मामले में सीबीआई की पुनर्विचार याचिका और अवमानना मामले के लिए दो बेंच गठित
दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने कहा कि गोवा में आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए, BJP के वफ़ादार सिपाही — ED को यहाँ भी भेज दिया गया है! आज सुबह से ही, AAP गोवा के सह-प्रभारी दीपक सिंगला के आवास पर, और साथ ही गोवा में कुछ स्वयंसेवकों के घरों पर भी ED की छापेमारी चल रही है। यह न केवल हमारे स्वयंसेवकों को डराने की एक कोशिश है, बल्कि BJP के लिए हमारा सारा संगठनात्मक डेटा हासिल करने का भी एक प्रयास है!
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने ईडी के एक्शन पर बीजेपी को घेरा, भारद्वाज ने सोशल मीडिया के माध्यम से ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा आज AAP के गोवा सह-प्रभारी दीपक सिंगला के दिल्ली और गोवा में कई ठिकानों पर ED ने छापा मारा है। AAP नेताओं को ED, CBI, ACB आदि द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है।
Created On :   18 May 2026 2:05 PM IST









