BMC Election 2026: चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे की शिवसेना को बड़ा झटका, मुंबई की इस पूर्व मेयर ने थामा BJP का दामन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में होने वाले बीएमसी चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे गुट को एक बड़ा झटका लगा है। मुंबई की पूर्व मेयर शुभा राउल ने शिवसेना (यूबीटी) को छोड़ दिया है। साथ ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने रविवार (04 जनवरी) को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में बीजेपी जॉइन कर ली है। बीजेपी में शामिल होने से पहले ही शुभा राउल ने बीजेपी नेता आशीष शेलार से मीटिंग की थी। जिसके बाद से ही ये कयास लगाए जा रहे हैं कि वे जल्द ही बीजेपी में शामिल होंगी। जिस पर आज शुभा राउल ने ऐलान कर दिया है कि वे बीजेपी में शामिल हो गई हैं।
शुभा ने दिया इस्तीफा
शुभा राउल ने शिवसेना (यूबीटी) से इस्तीफा देने से पहले अपना त्यागपत्र पार्टी चीफ उद्धव ठाकरे को सौंप दिया है। बता दें, वे पार्टी की अहम नेता मानी जाती थीं, इसके साथ ही वे शिव आरोग्य सेना की अध्यक्ष भी थीं। उन्होंने सिर्फ पार्टी की सदस्यता तो छोड़ी ही है साथ ही अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दिया है। ऐसा बताया जा रहा है कि उन्होंने बहुत ही कम शब्दों में अपना इस्तीफा दिया है।
क्या है इस्तीफे की वजह?
अब तक यह सामने नहीं आया है कि शुभा राउल शिवसेना (यूबीटी) से नाराज क्यों थीं। वे ठाकरे गुट में एक मजबूत और प्रभावशाली महिला नेता के तौर पर देखी जाती हैं। बीएमसी चुनाव से पहले उनका पार्टी छोड़कर बीजेपी में जाना शिवसेना (यूबीटी) के लिए एक बड़ा राजनीतिक नुकसान माना जा रहा है।
यह भी पढ़े -बांग्लादेशी खिलाड़ी को हटाने का बीसीसीआई का फैसला सही, देशभर में मिल रहा समर्थन नीरज कुमार सिंह
ठाकरे ब्रदर्स ने जारी किया घोषणापत्र
इसी दिन उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने मुंबई महानगरपालिका चुनाव के लिए अपना संयुक्त घोषणापत्र ‘शब्द ठाकरे’ जारी किया। इस घोषणापत्र में मुंबईवासियों से जुड़े कई अहम मुद्दों को शामिल किया गया है। जिसमें कर्मचारियों और आम लोगों के लिए घर, डे-केयर सेंटर, पालतू जानवरों से जुड़ी सुविधाएं, पानी और सीवेज व्यवस्था, सड़कें, बिजली, कचरा प्रबंधन, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोज़गार जैसे विषय शामिल हैं।
उद्धव ठाकरे की तीखी प्रतिक्रिया
उद्धव ठाकरे ने शुभा राउल के बीजेपी में शामिल होने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंन कहा है कि पहले वोट चोरी हुई और अब उम्मीदवारों की चोरी की जा रही है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि जिन वार्डों में उम्मीदवार बिना मुकाबले के जीते हैं, वहां पर चुनाव रद्द करके दोबारा चुनाव करवाने चाहिए।
Created On :   4 Jan 2026 10:51 PM IST









