बिहार पॉलिटिक्स: महागठबंधन में मुकेश सहनी शामिल, बिहार में बढ़ सकता है हार-जीत का फासला

महागठबंधन में मुकेश सहनी शामिल, बिहार में बढ़ सकता है हार-जीत का फासला
  • मुकेश सहनी लोकसभा चुनाव से ठीक पहले महागठबंधन में शामिल
  • आरजेडी ने तीन सीटें मुकेश सहनी को दी
  • बिहार में शुक्रवार को हुआ बड़ा उलटफेर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। लेकिन इससे पहले बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। 'सन ऑफ मल्लाह' नाम से मशहूर मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) की एंट्री अब महागठबंधन में हो गई है। लालू यादव की पार्टी आरजेडी ने वीआईपी को अपने कोटे की 26 सीटों में से तीन सीटें देने का ऐलान किया है। मुकेश सहनी को गोपालगंज, झंझारपूर और मोतिहारी की सीटें मिली हैं। ऐसे में अब आरजेडी 26 के बदले 23 सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी। बता दें कि बिहार में कुल 40 लोकसभा सीटें हैं। महागठबंधन 40 में से सबसे अधिक 23 पर आरजेडी चुनाव लड़ रही है। वहीं कांग्रेस 9 सीट और लेफ्ट पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

प्रेस कांफ्रेंस में की घोषणा

राजद कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने बताया कि महागठबंधन में वीआईपी शामिल हो गई है। इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुकेश सहनी को आगे विधानसभा चुनाव में भी सहयोग देने का भी वादा किया है। कुछ समय पहले यह खबर थी कि वीआईपी का विलय आरजेडी के साथ हो सकता है। लेकिन मुकेश सहनी ने इसको खारिज कर दिया था। लेकिन अब आरजेडी ने 26 में से तीन सीटें वीआईपी को दे दी हैं।

400 पर वार

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान तेजस्वी ने कहा, "हम मुकेश सहनी का महागठबंधन में स्वागत करते हैं। हमें इस बात की खुशी है कि मुकेश सहनी अब महागठबंधन का हिस्सा हैं।' तेजस्वी ने आगे कहा कि देश में महौल चुनाव का है, कुछ लोग 400 सीटें लाने का दावा कर रहे हैं। बिहार ऐसा दावा करने वाले को धूल चटा देगा।

वो तानाशाही लाना चाहते हैं

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि चुनाव के बाद नतीजे आश्चर्यजनक आने वाले हैं। बिहार के विकास के लिए हमारे पास एक दृष्टिकोण और रोडमैप है। आज कुछ लोगो द्वारा संविधान को दबाया जा रहा है, संविधान से समझौता करना लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाता है। वो देश में तानाशाही लाना चाहते हैं।

Created On :   5 April 2024 2:34 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story