लोकसभा चुनाव 2024: पीएम मोदी ने बताई कौन सी तीन चीजें, जिनका अब जम्मू कश्मीर से कोई वास्ता नहीं, बताया क्या होगा घाटी का भविष्य?

पीएम मोदी ने बताई कौन सी तीन चीजें, जिनका अब जम्मू कश्मीर से कोई वास्ता नहीं, बताया क्या होगा घाटी का भविष्य?
  • जम्मू-कश्मीर में पीएम मोदी की चुनावी सभा
  • गिनाए अपनी सरकार के काम
  • विपक्षी दलों पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। सात चरणों में होने वाले इस महामुकाबले की शुरूआत 19 अप्रैल से हो रही है। ऐसे में सत्ता और विपक्ष के सभी दल इस सियासी महासमर में जीत हासिल करने के लिए तैयारियां कर रहे हैं। इसी क्रम में पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर से बीजेपी प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के समर्थन में चुनावी सभा की। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर में उनकी सरकार द्वारा कराए गए काम गिनाए। साथ ही पुरानी सरकारों पर जमकर हमला बोला।

पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ये मजबूत सरकार चुनने का समय है। अब जम्मू-कश्मीर में सुकून कायम है। धारा 370 हटने से लोगों को उनका हक मिला है। राज्य में विकास और विश्वास साथ-साथ चल रहा है। हर कोने में बिजली पहुंची है। जिसके चलते अब यहां आतंकवाद, अलगाववाद, पत्थरबाजी और हड़ताल जैसे मुद्दे नहीं हैं।

आतंकवाद, अलगाववाद, पत्थरबाजी अब मुद्दा नहीं

लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "दशकों बाद ये पहला चुनाव है, जब आतंकवाद, अलगाववाद, पत्थरबाजी, बंद, हड़ताल, सीमा पार से गोलीबारी, ये चुनाव के मुद्दे ही नहीं हैं। तब माता वैष्णो देवी यात्रा हों या अमरनाथ यात्रा, ये सुरक्षित तरीके से कैसे हों इसको लेकर ही चिंता होती थी। आज स्थिति एकदम बदल गई है। ये चुनाव सिर्फ सांसद चुनने का नहीं है, बल्कि ये चुनाव देश में एक मजबूत सरकार बनाने का चुनाव है और सरकार जब मजबूत होती है, तो जमीन पर चुनौतियों के बीच भी, चुनौतियों को चुनौती देते हुए काम करके दिखाती है।"

अब स्कूल जलाए नहीं सजाए जाते हैं

राज्य की पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी की सरकारों ने जितना जम्मू-कश्मीर का नुकसान किया उतना किसी ने नहीं किया। एक तरह जहां हम विकसित भारत के लिए विकसित जम्मू कश्मीर के निर्माण की गारंटी दे रहे हैं वहीं ये तीनों दल इसे फिर पुराने समय की ओर ले जाना चाहते हैं।

पीएम मोदी ने धारा 370 को लेकर भी विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "ये (विपक्षी दल) कहते थे कि 370 हटी तो आग लग जाएगी, जम्मू कश्मीर हमें छोड़कर चला जाएगा। लेकिन जम्मू-कश्मीर के नौजवानों ने इनको आईना दिखा दिया। अब देखिए, जब उनकी यहां नहीं चली, जम्मू कश्मीर के लोग उनकी असलियत जान गए, तो ये लोग अब जम्मू कश्मीर के बाहर देश के लोगों के बीच भ्रम फैलाने का खेल, खेल रहे हैं. ये कहते हैं कि 370 के हटने से देश को कोई लाभ नहीं हुआ।"

पीएम ने कहा, "अब यहां स्कूल नहीं जलाए जाते, बल्कि स्कूल सजाए जाते हैं। अब यहां ऐम्स बन रहे हैं, आईआईटी बन रहे हैं, आईआईएम बन रहे हैं। अब आधुनिक टनल, आधुनिक चौड़ी सड़कें, शानदार रेल का सफर जम्मू कश्मीर की तकदीर बन रहे हैं। जम्मू हो या कश्मीर अब यहां रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु आने लगे हैं। ये सपना यहां की अनेक पीढ़ियों ने देखा है और मैं आपको गारंटी देता हूं कि - आपका सपना, मोदी का संकल्प है। आपके सपनों को पूरा करने के लिए हर पल आपके नाम, देश के नाम। विकसित भारत का सपना पूरा करने के लिए 24x7 फॉर 2047, ये मोदी की गारंटी है।"

10 साल के अंदर पूरा बदला कश्मीर

पीएम मोदी ने कहा कि 10 साल के अंदर-अंदर जम्मू कश्मीर पूरी तरह बदल चुका है। सड़क, बिजली, पानी, यात्रा, प्रवास ये सब तो है ही, लेकिन सबसे बड़ी बात है, जम्मू कश्मीर का मन बदला है। निराशा से आशा की ओर बढ़े हैं, जीवन पूरी तरह विश्वास से भरा हुआ है। 10 साल में हमने आतंकवादियों और भ्रष्टाचारियों पर घेरा बहुत कसा है। अब आने 5 सालों में इस क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाई पर ले जाना है।

जल्द होंगे विधानसभा चुनाव, मिलेगा पूर्ण राज्य का दर्जा

जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा और राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि वो समय दूर नहीं जब विधानसभा चुनाव होंगे और इसे वापस पूर्ण राज्य का दर्जा मिलेगा। उन्होंने लोगों से कहा कि आप सभी जल्द ही अपने विधायक और मंत्रियों से अपने-अपने सपने साझा कर सकेंगे।

Created On :   12 April 2024 1:04 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story