लोकसभा चुनाव 2024: प्रियंका ने लिखी पटकथा, प्रकाश ने रचा खेल और दूर हुई लालू-तेजस्वी की नाराजगी, कांग्रेस के हो गए पप्पू

प्रियंका ने लिखी पटकथा, प्रकाश ने रचा खेल और दूर हुई लालू-तेजस्वी की नाराजगी, कांग्रेस के हो गए पप्पू
  • प्रियंका गांधी ने पप्पू यादव को कांग्रेस में शामिल करने में निभाई अहम भूमिका
  • पप्पू यादव को कांग्रेस में शामिल करने पर लालू-तेजस्वी थे नाराज
  • प्रियंका गांधी के दखल के बाद मसले का निकला हल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी एक बार फिर पार्टी के लिए संकटमोचक साबित हुई हैं। इस बार उनकी राजनीतिक सूझबूझ के चलते कांग्रेस ने न केवल अपना कुनबा बढ़ाया है। बल्कि, प्रियंका गांधी ने भी यह बता दिया कि वह बिहार की सियासत में भी मजबूत पकड़ रखती हैं। बुधवार को देश की सियासत में कांग्रेस के लिए लोकसभा चुनाव के दौरान एक बड़े दिन के तौर पर रहा। जहां बीजेपी लगातार कांग्रेस के कई नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर रही है। वहीं, गुरुवार को कांग्रेस ने भी बिहार की सियासत में बीजेपी को झटका देने का काम किया है।

दरअसल, जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव ने बुधवार (20 मार्च) को अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया। कांग्रेस में पप्पू यादव के शामिल होने से बिहार कांग्रेस प्रमुख अखिलेश सिंह नाराज बताए जा रहे हैं। राजधानी दिल्ली में पप्पू यादव के कांग्रेस में शामिल होने के दौरान भी अखिलेश सिंह नदारद रहे। इधर, आरजेडी प्रमुख लालू यादव और तेजस्वी यादव भी पप्पू यादव के कांग्रेस में शामिल होने से नाराज बताए जा रहे थे।

प्रियंका गांधी ने निभाई अहम भूमिका

जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव को कांग्रेस में शामिल करने की पटकथा प्रियंका गांधी ने लिखी है। सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने ही इन नेताओं में पार्टी में शामिल होने को लेकर भरोसा जगाया। साथ ही, प्रियंका गांधी ने इंडिया गठबंधन में शामिल अन्य दलों को भी इसे लेकर सहमत किया। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी के भीतर भी पप्पू यादव को लेकर माहौल बनाया गया। माना जा रहा था कि पप्पू यादव के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर लालू-तेजस्वी तैयार नहीं थे, लेकिन प्रियंका गांधी के दखल के बाद इस मसले का हल निकला।

बिहार कांग्रेस के प्रभारी मोहन प्रकाश और राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा की मौजूदगी में पप्पू यादव ने अपनी पार्टी का विलय कांग्रेस में कराया। इस मौके पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि पप्पू यादव और उनकी पार्टी किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वह एक कद्दावर नेता हैं, वे आज कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व, नीतियों और दिशा से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। वे 'जन अधिकार पार्टी' का भी कांग्रेस में विलय कर रहे हैं। यह विलय साधारण नहीं बल्कि, ऐतिहासिक है।

प्रियंका गांधी को पप्पू यादव ने किया धन्यावाद

राजधानी दिल्ली में कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पप्पू यादव ने कहा, "मैंने बचपन से ही मोहन प्रकाश जी को संघर्ष करते देखा है और जीवन भर उनका आशीर्वाद मुझे मिलता रहा है। वह तब एक मजबूत आवाज हुआ करते थे और अब वह मेरे लिए एक विचारधारा हैं। हम हमेशा कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े रहे हैं। राहुल गांधी इस दुनिया में सबसे ज्यादा संघर्षशील व्यक्ति हैं। मुझे जो सम्मान मिला है और राहुल और प्रियंका गांधी ने मुझ पर और मेरी पार्टी पर जो विश्वास जताया है, वह मुझे आगे बढ़ाने के लिए काफी है। राहुल गांधी ने भारत के 130 करोड़ लोगों की दिल जीता है।'' बता दें कि, पप्पू यादव के अलावा बुधवार को जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री लाल सिंह और बीएसपी के निष्कासित सांसद दानिश अली ने भी कांग्रेस का दामन थामा।

Created On :   20 March 2024 1:29 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story