Mann Cabinet Expansion: पंजाब में तेज हुई सियासी हलचल, राज्यपाल से मिले सीएम भगवंत मान, कैबिनेट विस्तार को लेकर दिया बड़ा बयान

- पंजाब में होगा कैबिनेट विस्तार
- संजीव अरोरा बनेंगे मंत्री
- सीएम भगवंत मान ने किया ऐलान
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद पंजाब में सियासी हलचल तेज हो गई है। सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए सीएम मान ने कहा कि अगले दो-चार दिन में कैबिनेट विस्तार किया जाएगा।
संजीव अरोड़ा बनेंगे मंत्री
सीएम भगवंत मान ने कहा कि अगले दो से चार दिनों के भीतर पंजाब मंत्रिमंडल के विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने नव-निर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा से मंत्री बनाने का जो वादा किया था, उसे पूरा किया जाएगा। हम जनता के दिए हुए मैंडेट का पूरा सम्मान करते हैं, यह हमारा नैतिक और लोकतांत्रिक कर्तव्य है।
केजरीवाल नहीं जाएंगे राज्यसभा
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि अरोड़ा के विधायक बनने के बाद राज्यसभा की खाली हुई सीट पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल राज्यसभा नहीं जाएंगे। राज्यसभा के लिए ऐसा प्रतिनिधि भेजा जाएगा जो पंजाब की आवाज वहां मजबूती से उठा सके।
इस दौरान उन्होंने बुधवार को अपने आगामी दिल्ली दौरे की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुजरात से बड़ी जीत दर्ज करने वाले विधायक गोपाल इटालिया और विधायक संजीव अरोड़ा भी दिल्ली पहुंचेंगे।
पार्टी कार्यालय के लिए राज्यपाल से की मांग
राज्यपाल से मुलाकात के दौरान सीएम मान ने चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के लिए स्थायी कार्यालय आवंटन को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अब एक राष्ट्रीय पार्टी बन चुकी है। पंजाब और गुजरात में हमारी पार्टी को जनता का स्पष्ट समर्थन मिला है। चंडीगढ़ में कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) और भाजपा जैसी अन्य प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के कार्यालय हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी का अब तक कोई कार्यालय नहीं है। हम सभी जरूरी शर्तें पूरी करते हैं। उन्होंने समान व्यवहार की आवश्यकता पर जोर दिया और इस मामले में राज्यपाल से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।
गुटबाजी से त्रस्त कांग्रेस
मान ने कांग्रेस के भीतर आंतरिक गुटबाजी को संबोधित किया और उनकी एकता और दिशा की कमी की आलोचना की। मान ने कहा कि कांग्रेस आंतरिक संघर्ष और गुटबाजी से ग्रस्त है। यह चुनावों के दौरान और बाद में स्पष्ट हो गया है। एक विभाजित सदन लोगों की प्रभावी रूप से सेवा नहीं कर सकता है।
Created On :   25 Jun 2025 1:18 AM IST