India Australia Defense Meeting: ऑस्ट्रेलिया के डिप्टी पीएम मार्ल्स के साथ राजनाथ सिंह ने की द्विपक्षीय बैठक, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

- राजनाथ सिंह और रिचर्ड मार्ल्स की द्विपक्षीय बैठक
- रणनीतिक तालमेल को बताया मजबूत
- रिचर्ड मार्ल्स ने भारत की सरकार के प्रति जताया आभार
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स भारत के दौरे पर आए हैं। बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के उप पीएम और भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने द्विपक्षीय बैठक की है। उस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई है। इसके पहले रिचर्ड मार्ल्स ने नई दिल्ली में ही स्थित राषट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर जवानों को श्रद्धांजलि दी थी। ऑस्ट्रेलिया के उप पीएम रिचर्ड मार्ल्स को दिल्ली में स्थित मानेकशॉ सेंटर में गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया है।
बता दें, रिचर्ड मार्ल्स भारत के साथ दुनियाभर के चार अन्य देशों के दौरे के लिए निकले हैं। रिचर्ड मार्ल्स दक्षिण और दक्षिण पूर्व एसिया के साथ अपने रक्षा संबंधों को मजबूत करना चाहते हैं। मार्ल्स भारत के साथ मालदीव, श्रीलंका और इंडोनेशिया के दौरे पर हैं। रिचर्ड मार्ल्स का दक्षिण एशिया का दौरा 2 जून को शुरू हुआ था। रिचर्ड मार्ल्स के भारत दौरे पर उन्होंने भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बैठक करके कई रक्षा मुद्दों पर चर्चा हुई है।
भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने क्या कहा?
राजनाथ सिंह ने अपनी पिछली बैठक को याद करते हुए कहा है कि, 'हमारी पिछली बैठक के बाद से हमारे द्विपक्षीय रक्षा संबंधों में हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों को देखकर बहुत खुशी हो रही है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में हम नए जोश के साथ काम करेंगे और द्विपक्षीय रक्षा संबंधों के विकास में प्रभावी रूप से योगदान देंगे। भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने में आपकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता और नेतृत्व के कारण पिछले तीन वर्षों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में उभरा है। मैं आज एक सार्थक चर्चा की उम्मीद करता हूं और उम्मीद करता हूं कि यह भारत और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा संबंधों को और मजबूत करने के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगी। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब भारत अपनी पश्चिमी सीमा पर गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। हमने कश्मीर में हुई बर्बर घटना के जवाब में कदम उठाए हैं। हम इस मुद्दे पर ऑस्ट्रेलिया के समर्थन के लिए धन्यवाद देते हैं।'
तीन साल आपके साथ फिर काम करने का अवसर मिलेगा- रिचर्ड मार्ल्स
ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री और उप पीएम रिचर्ड मार्ल्स ने बैठक में कहा है कि, 'अगले तीन वर्षों में आपके साथ फिर से मिलकर काम करने का अवसर वास्तव में रोमांचक है। मैंने पिछले तीन वर्षों में हमारे संबंधों और हमने जो प्रगति की है, उसकी गहराई से सराहना की है। मैं पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए सभी लोगों के लिए हमारे प्रधानमंत्री की संवेदनाओं को भारत तक पहुंचाना चाहता हूं। हमारे विचार और हमारी प्रार्थनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जो इस भयावह आतंकवादी हमले में मारे गए। हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि ऑस्ट्रेलिया आतंकवाद का मुकाबला करने में भारत और सभी देशों के साथ खड़ा है। हम सैन्य गतिविधियों में रोक को स्वीकार करते हैं। हम इसे भारतीय नेतृत्व का कार्य मानते हैं। लेकिन हम आतंकवाद के सभी रूपों से निपटने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।'
भारतीय सरकार का जताया ऑस्ट्रेलिया के उप पीएम ने आभार
ऑस्ट्रेलिया के उप पीएम ने भारतीय सरकार का आभार जताते हुए कहा था कि, 'हम आपकी सरकार और प्रधानमंत्री मोदी तथा उनके नेतृत्व के प्रति बहुत आभारी हैं, जिसने हमारे दोनों देशों के बीच संबंधों को एक बिल्कुल अलग स्तर पर पहुंचा दिया है। हमें लगता है कि भारत के साथ हमारा रणनीतिक तालमेल पहले कभी इतना मजबूत नहीं रहा, जितना कि अब है। यह दोस्तों के साथ मिलकर काम करने का समय है और हम निश्चित रूप से भारत को इसी नजरिए से देखते हैं। आपके साथ हमारे संबंध सर्वोच्च प्राथमिकता वाले हैं। पिछले तीन वर्षों में जो बात वास्तव में संतोषजनक रही है, वह यह है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों का रक्षा पहलू पूरे द्विपक्षीय संबंधों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। मैं हमारे व्यापक द्विपक्षीय संबंधों के लिए बहुत आभारी हूं, जो ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय हित के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, और हम आशा करते हैं कि यह भारत के राष्ट्रीय हित में भी होगा।'
Created On :   4 Jun 2025 3:25 PM IST