दिल्ली शराब नीति मामला: 'असली शराब घोटाला भाजपा ने किया है...' सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी पर AAP नेता संजय सिंह बरसे

असली शराब घोटाला भाजपा ने किया है...  सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी पर AAP नेता संजय सिंह बरसे
  • संजय सिंह ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बीजेपी को घेरा
  • संजय सिंह ने शराब घोटाला बीजेपी को ठहराया जिम्मेदार
  • जेल में बीते शुरुआती 11 दिनों के बारे में भी संजय सिंह ने बताया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली शराब नीति मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तिहाड़ जेल में बंद रहे 'आप' नेता संजय सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि जेल में उनके शुरुआती 11 दिन किस तरह से बीते। साथ ही, उन्होंने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बीजेपी सरकार पर हमला बोला।

संजय सिंह ने कहा, "शुरुआत के 11 दिनों तक मुझे तकलीफ हुई लेकिन उसके बाद मेरे पास वही आधिकार थे जो सामान्य कैदियों के पास थे लेकिन शुरूआत के 11 दिनों तक मेरे पास वो अधिकार भी नहीं थे जो सामान्य कैदियों के पास थे। अगर मेरा वजन बढ़ा है तो ये तो अच्छी बात है। भाजपा वाले AAP को अच्छा संदेश दे रहे हैं कि आम आदमी पार्टी वालों को मत छेड़ो। ये अगर जेल में जाएंगे तो अपने हौसले और स्वास्थ्य को अच्छा और मजबूत करके निकलेंगे।"

इसके बाद 'आप' नेता संजय सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से केजरीवाल को लेकर कहा, "झूठे बयानों के आधार पर आपने (भाजपा) निर्वाचित मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया और उन्हें सलाखों के पीछे डाल दिया। क्या आपको लगता है कि हम इस साजिश को नहीं समझते हैं? जब तक अरविंद केजरीवाल हैं, भाजपा दिल्ली में नहीं जीत सकती।''

इससे पहले संजय सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि, "आज अरविंद केजरीवाल के समर्थन में न सिर्फ देश में बल्कि दुनिया में अलग-अलग जगहों पर आंदोलन हुए। यह हमारे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है, हमारा संदेश लोगों तक पहुंच रहा है। असली शराब घोटाला भाजपा ने किया है, उसकी मनी ट्रेल भी मिल गई है। सीबीआई, ईडी, आईटी की जांच भाजपा नेताओं के खिलाफ होनी चाहिए।"

Created On :   7 April 2024 5:09 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story