लोकसभा चुनाव 2024: आज प्रजातंत्र और संविधान खतरे में है, आपको इसकी रक्षा करना है- कमलनाथ

आज प्रजातंत्र और संविधान खतरे में है, आपको इसकी रक्षा करना है- कमलनाथ
  • पूर्व मुख्यमंत्री ने महंगाई और बेरोजगारी पर भाजपा को घेरा
  • नरसिंहपुर की चुनावी सभा में कमलनाथ ने की जनसभा
  • बीजेपी पर लगाए कई आरोप

चुनाव डेस्क, नरसिंहपुर। भाजपा संविधान में छेड़छाड़ करना चाहती है। देश का प्रजातंत्र खतरे में है। यह चुनाव बेहद अहम है। आपको इन दोनों की रक्षा करनी है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को यहां जनपद पंचायत मैदान में होशंगाबाद-नरसिंहपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी संजय शर्मा के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा, डॉ. भीमराव आंबेडकर के कारण ही आपको वोट डालने का अधिकार मिला है। आमजन अपने भविष्य को ध्यान में रखकर २६ अप्रैल को मतदान करें।

महंगाई, बेरोजगारी पर बात नहीं करते

दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सभा स्थल पर पहुंचे कमलनाथ ने कहा कि यहां आकर मुझे अपनी जवानी के दिन याद आ गए। 26 साल पहले मैं अमरवाड़ा से यहां आकर चाय पीता था। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश महंगाई, बेरोजगारी से जूझ रहा है। देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी मध्यप्रदेश में है। यहां पर सबसे ज्यादा घोटाले भाजपा के कार्यकाल में हुए। यदि भाजपा नेताओं से गैस सिलेंडर, बेरोजगारी की बात करो तो ये जनता का ध्यान मोड़ देंगे। इनके पास सिर्फ महंगाई की गारंटी है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके राज में प्रदेश में माफिया राज बढ़ा, कोरोना से मौतें हुईं, दुष्कर्म, बाल अपराध में बढ़ोत्तरी के साथ घर-घर में शराब पहुंची।

कांग्रेस प्रजातंत्र और संविधान की रक्षक

अपने 10 मिनट के भाषण में कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस संस्कृति को आपस में जोडऩे, प्रजातंत्र और संविधान की रक्षक रही है। उन्होंने कहा अब आप मतदाताओं को अपने भविष्य के बारे में सोचना है। आप कांग्रेस को वोट दो, मैं और संजय शर्मा मिलकर होशंगाबाद-नरसिंहपुर में विकास का इतिहास बनाएंगे। मंच पर जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, गोटेगांव के पूर्व विधायक एनजी प्रजापति सहित जिला कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता तथा पूर्व विधायक मौजूद रहे।

Created On :   19 April 2024 5:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story