UP Politics: बाढ़ पर गरमाई यूपी की सियासत, डिप्टी सीएम मौर्य ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, कहा - 'सत्ता वियोग में बौखला..'

बाढ़ पर गरमाई यूपी की सियासत, डिप्टी सीएम मौर्य ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, कहा - सत्ता वियोग में बौखला..
  • यूपी में बाढ़ से मची हाहाकार
  • कौशांबी में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा के लिए पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य
  • अखिलेश यादव पर बाढ़ पर सियासत करने का लगाया आरोप

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तरप्रदेश में बाढ़ से हाहाकार मची हुई है। आसमानी आफत से राज्य के कई हिस्से जलमग्न हो गए हैं। इस बीच सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सरकार की ओर से बाढ़ राहत पर जवाबदेही की समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव की मांग पर उनकी तुलना दूध पीते बच्चे से की है। वह अपने गृह जनपद कौशांबी में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा के लिए पहुंचे थे।

बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'अखिलेश यादव सत्ता वियोग में बौखला गए हैं। वह दूध पीते बच्चों जैसे सवाल करते हैं। प्रयागराज, प्रदेश या फिर देश में कहीं पर भी बाढ़, भूकंप या फिर समुद्री क्षेत्र में सुनामी आना प्राकृतिक आपदाएं हैं।'

डिप्टी सीएम ने कहा, 'आपदा से बचने के लिए जितने भी जरूरी प्रबंध सरकार को करने चाहिए वह किए गए हैं और आगे भी ऐसे प्रबंध किए जाएंगे। अखिलेश यादव को अगर प्रदेश की जनता की जरा सी भी चिंता है तो उन्हें सेवा में समय लगाना चाहिए।'

उन्होंने आगे कहा, 'अखिलेश के पास सेवा करने वाले कार्यकर्ता नहीं है। उनके पास गुंडे, अपराधी, माफिया और भ्रष्टाचारी हैं। बयान देने से कुछ नहीं होता है। जनता की सेवा करनी पड़ती है।'

समीक्षा बैठक में मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन सभी लोगों को मुख्यमंत्री आवास योजना की सुविधा से लाभान्वित किया जाए जिनके मकान बाढ़/वर्षा के कारण ढह गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण करने के भी निर्देश दिए।

Created On :   6 Aug 2025 5:40 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story