Bihar Politics: 'नाम हटाने के लिए BLO को दिया आवेदन', डिप्टी CM विजय सिन्हा ने पेश की सफाई, तेजस्वी यादव ने लगाया 2 EPIC नंबर होने का आरोप

- विजय सिन्हा का तेजस्वी को जवाब
- 2 EPIC नंबर वाले आरोप पर पेश की सफाई
- बिहार में बयानबाजी का सिलसिला जारी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के दो EPIC नंबर वाला आरोप लगाए जाने के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का जवाब सामने आया है। उन्होंने रविवार (10 अगस्त) को मीडिया के सामने अपनी सफाई पेश की है। डिप्टी सीएम ने कहा कि उन्होंने पटना से अपना नाम हटवाने के लिए बीएलओ को आवेदन दे दिया है। उनके पास सभी डॉक्यूमेंट्स मौजूद हैं। सिन्हा ने दावा किया कि वह एक ही जगह से वोट डालते हैं। दरअसल, तेजस्वी यादव ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में डिप्टी सीएम पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सिन्हा के दो EPIC नंबर हैं। दोनों में अलग-अलग उम्र दर्ज की गई है।
उपमुख्यमंत्री की सफाई
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव द्वारा लगाए गए आरोपों पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अपनी ओर से सफाई पेश की है। उन्होंने कहा कि पहले मेरे पूरे परिवार का नाम पटना में दर्ज था। अप्रैल 2024 में मैंने लखीसराय विधानसभा में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन दिया था। वहां से नाम हटवाने के लिए भी फॉर्म भरा था। मेरे पास सबूत हैं। किसी कारणवश मेरा नाम नहीं हटा तो मैंने बीएलओ को फोन करके लिखित आवेदन दिया और रसीद ली। मेरे पास दोनों दस्तावेज हैं। मेरा नाम हटाने का फॉर्म खारिज कर दिया गया। मैं एक ही जगह से वोट करता हूं।
सिन्हा ने आगे कहा कि पिछली बार भी लखीसराय से ही वोट दिया था और इस बार भी वहीं से फॉर्म भरा था। यह दुखद है कि एक संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति अपनी भाषा से राजनीति को कलंकित करता है, यह उसे शोभा नहीं देता। पूरा तथ्य सामने आना चाहिए। पूरा बिहार और देश जानता है कि जंगलराज के युवराज जिस तरह दूसरों को कलंकित करने का खेल खेलते हैं, उन्हें माफी मांगनी चाहिए और ऐसे झूठे आरोप बिल्कुल नहीं लगाने चाहिए।
तेजस्वी यादव का बड़ा आरोप
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजय कुमार सिन्हा पर गंभीर आरोप लगाया। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया कि SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में डिप्टी सीएम के नाम दो जगह हैं और उनके पास दो EPIC कार्ड भी हैं। दोनों में अलग-अलग उम्र लिखी है। उन्होंने कहा कि सिन्हा के पास दो EPIC नंबर हैं। वो भी दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में। एक में उम्र 57 साल है, और दूसरे में उम्र 60 साल है। चुनाव आयोग के एप्लीकेशन पर ये ऑनलाइन भी है। नई वोटर लिस्ट, जो सभी पार्टियों के जिला अध्यक्ष को दी गई है। नई लिस्ट में ये भी है। तो अब इसमें कौन फ्रॉड कर रहा है? लोगों को ये पता होना चाहिए। सिर्फ़ दो ही चीजे हो सकती हैं। या तो चुनाव आयोग की SIR की पूरी प्रक्रिया ही फ्रॉड है या बिहार के डिप्टी सीएम फ्रॉड हैं। बस यही दो चीजें हो सकती हैं।
Created On :   10 Aug 2025 1:31 PM IST