PSL Vs IPL: मुजरबानी के PSL छोड़ IPL ज्वाइन करने पर भड़का PCB, केस करने की दी धमकी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को आईपीएल से पहले केकेआर ने साइन कर लिया है। वह टीम में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजूर रहमान की जगह लेंगे। मुजरबानी के इस कदम से पीसीबी आगबबूला हो गया है क्योंकि मुजरबानी ने आईपीएल के लिए पीएसएल छोड़ दिया है। वह पीएसएल में इस्लामाबाद यूनाइटेड टीम के साथ खेलने वाले थे।
अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज के खिलाफ एग्रीमेंट तोड़ने का केस करने की तैयारी कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'PCB के कानूनी विभाग को जिम्बाब्वे के इस तेज गेंदबाज के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।' बता दें कि 13 मार्च को (शक्रवार) KKR ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के रूप में मुजरबानी को अपने साथ जोड़ने की घोषणा की थी।
पीएसएल को छोड़ने वाले दूसरे प्लेयर बने मुजरबानी
ब्लेसिंग मुजरबानी ऐसे पहले प्लेयर नहीं है जिन्होंने आईपीएल का कॉन्ट्रैक्ट मिलने के बाद पीएसएल को छोड़ा है। उनसे पहले 2025 आईपीएल में साउथ अफ्रीका के प्लेयर कॉर्बिन बॉश ने आईपीएल के लिए पेशावर जाल्मी का साथ छोड़ दिया था। इसके परिणाम स्वरूप बॉश को PSL से एक सीजन के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। ऐसा ही कुछ ब्लेसिंग मुजरबानी के साथ भी हो सकता है। मुजरबानी के टी20 इंटरनेशनल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 89 मैचों में 106 विकेट लिए हैं। वह जिम्बाब्वे के लिए तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
Created On :   15 March 2026 12:12 AM IST












